रोजगार और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आदिवासी समाज के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचार और उनके संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेते हुए आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास का संकल्प लेना चाहिए। केंद्र और राज्य सरकार आदिवासी समुदाय को विकास की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना के अनुरूप 15 नवंबर को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन भगवान बिरसा मुंडा के महान योगदान, संघर्ष और बलिदान को याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की अल्पआयु में देश और समाज के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका संघर्ष आज भी आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को आदर्श मानकर केंद्र और राज्य सरकार आदिवासी समाज के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। सरकार का उद्देश्य आदिवासी समुदाय को बेहतर शिक्षा, रोजगार के अवसर और विकास की सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।















