शांति की सबसे मजबूत गारंटी है सांस्कृतिक जुड़ाव : एससीओ समिट में बोले पीएम मोदी
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। राजधानी के ऐतिहासिक पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यता संवाद का भव्य आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया और यहां लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में शामिल विदेशी अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि आज जब पूरी दुनिया में युद्ध और अशांति की चर्चा हो रही है, ऐसे समय में भारत में सभ्यताओं के बीच संवाद हो रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी सभ्यताओं के बीच संवाद और सांस्कृतिक जुड़ाव ही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ महीने पहले ही एससीओ ने अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे किए हैं।
बीते ढाई दशकों में इस संगठन ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में आपसी सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक संवाद इन संबंधों को और अधिक मजबूत बनाएगा। इससे नए विचारों और अवसरों का सृजन होगा तथा दुनिया को एकजुट करने में मदद मिलेगी। आयोजन स्थल की महत्ता बताते हुए उन्होंने कहा कि पुराना किला भारत की अद्भुत सांस्कृतिक धरोहर है, जिसकी ऐतिहासिक गाथाएं हजारों वर्ष पहले महाभारत काल तक जाती हैं। इस दौरान उन्होंने महाभारत काल से लेकर 1200 ईस्वी तक के लगभग 2,100 वर्ष पुराने ऐतिहासिक और पुरातात्विक साक्ष्यों के साथ ही भारतीय संस्कृति एवं विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को देखा। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर 15 देशों की सभ्यताओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद यह पहला अवसर है, जब पाकिस्तान के मंत्री भी एससीओ के किसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि साम्राज्यों ने दुनिया के नक्शे जरूर बदले हैं, लेकिन सभ्यताओं के बीच संवाद ने दुनिया के विचारों को बदला और उन्हें समृद्ध किया है।
पाकिस्तान ने रिश्ते सुधारने की बात की, लेकिन आतंकवाद पर साधी चुप्पी
पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मामलों के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक शंघाई सहयोग संगठन के सभ्यता संवाद मंच की बैठक में शामिल होने के लिए शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे। उन्होंने दोनों देशों के रिश्तों को बेहतर बनाने, साझा इतिहास और बहुपक्षीय जुड़ाव के अवसरों पर बात की। हालांकि, जब उनसे सीमा पार आतंकवाद को लेकर सवाल पूछा गया, जो भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में आई दरार की प्रमुख वजह है, तो पाकिस्तानी मंत्री ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। मलिक ने कहा कि संस्कृति की भूमिका केवल दो देशों के बीच ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के विचारों और रहन-सहन को समझे बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है। आपसी संवाद से ही एक-दूसरे का नजरिया समझने और पूरे क्षेत्र को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।













