कर्जमाफी की ‘एकमुश्त समझौता’ योजना : 1 लाख 69 हजार पात्र किसानों को मिला लाभ
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना के दूसरे चरण में एकमुश्त समझौता (ओटीएस) योजना के लिए पात्र घोषित किए गए 1 लाख 69 हजार 820 किसानों की पहली सूची सहकारिता विभाग ने जारी कर दी है। एकमुश्त समझौता घटक के तहत पात्र किसानों को अपने 2 लाख रुपये से अधिक के कर्ज का हिस्सा संबंधित बैंक में जमा करना होगा। इसके बाद ही सरकार की ओर से उन्हें 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी का लाभ दिया जाएगा।
इसके लिए बैंकों से प्राप्त जानकारी का कंप्यूटरीकरण करने के बाद 1 लाख 69 हजार 820 पात्र किसानों की पहली सूची जारी की गई है। कर्जमुक्ति योजना का क्रियान्वयन शुरू है। इस योजना में कर्जमाफी, एकमुश्त समझौता और प्रोत्साहन अनुदान, ऐसे तीन घटक शामिल हैं। पहले चरण में कर्जमाफी घटक को लागू किया गया था। इसके तहत 25.81 लाख किसानों की सूचियां प्रकाशित की गई हैं। इनमें से आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करने वाले 20.72 लाख किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी की राशि जमा की गई है।
नई सूची में किसान का नाम, गांव, विशिष्ट क्रमांक, आधार नंबर, बैंक का नाम, बैंक शाखा, विकास संस्था का नाम, कर्ज खाते का नंबर, 31 मार्च 2026 तक की बकाया राशि, ओटीएस के अनुसार बकाया रकम, किसान द्वारा जमा की जाने वाली राशि और सरकार की ओर से दिए जाने वाले लाभ की रकम शामिल है। सहकारिता विभाग ने बताया कि यह सूची संबंधित बैंक शाखाओं, विकास संस्थाओं और ग्राम पंचायतों में उपलब्ध करा दी गई है। पात्र किसानों को प्रकाशित सूची में दर्ज विवरण की जांच करने के बाद ओटीएस के अनुसार अपने हिस्से की 2 लाख रुपये से अधिक की राशि संबंधित बैंक में जमा करनी होगी। जिन किसानों के कर्ज खाते एक ही बैंक में हैं, उन्हें सूची में उल्लेखित राशि संबंधित कर्ज खाते में जमा करनी होगी। एक से अधिक कर्ज खाते होने पर किसान को किसी भी एक खाते में यह राशि जमा करने की सुविधा दी गई है। हालांकि, संबंधित खाते में ओटीएस के तहत बैंक को देय राशि से अधिक रकम जमा नहीं करने की अपील की गई है।
विभागवार पात्र किसानों की संख्या
पहली सूची में नासिक विभाग के सबसे अधिक 48 हजार 379 किसान पात्र घोषित किए गए हैं। इसके बाद पुणे विभाग के 40 हजार 946, छत्रपति संभाजीनगर विभाग के 39 हजार 597, अमरावती विभाग के 25 हजार 917, नागपुर विभाग के 12 हजार 2 और कोंकण विभाग के 2 हजार 979 किसानों का समावेश है। ओटीएस के तहत यह पहली सूची जारी की गई है। बैंकों से प्राप्त जानकारी का कंप्यूटरीकरण जारी रहेगा। इसलिए आने वाले समय में भी पात्र किसानों की सूचियां चरणबद्ध तरीके से प्रकाशित की जाएंगी। इस योजना के तहत मृत, बुजुर्ग और अंगूठे के निशान दर्ज कराने में परेशानी का सामना करने वाले लाभार्थियों को कर्जमाफी का लाभ देने के संबंध में 19 अगस्त 2026 को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की गई है। सहकारिता विभाग ने पात्र किसानों से आवश्यक आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की अपील भी की है।













