नागपुरकरों के पेयजल स्रोत पर मंडराया खतरा, किनारों पर प्लास्टिक, थर्माकोल और मृत मछलियां मिलने से हड़कंप
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। शहर के प्रमुख जलस्रोतों में शामिल गोरेवाड़ा तालाब इन दिनों प्रदूषण की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। तालाब में लगातार मिल रहे गंदे पानी के कारण इसका पानी काला-हरा दिखाई देने लगा है। आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है, वहीं तालाब के किनारों पर प्लास्टिक, थर्माकोल और मृत मछलियां मिलने से पर्यावरण को लेकर चिंता बढ़ गई है। नागपुरकरों के पेयजल जरूरतों से जुड़े इस महत्वपूर्ण जलस्रोत की ऐसी स्थिति ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर शहर में स्मार्ट सिटी और स्वच्छ नागपुर के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर के महत्वपूर्ण जलस्रोत में प्रदूषण फैलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। तालाब में नालों का गंदा पानी पहुंचने से जल की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो इसका असर न केवल जलीय जीवों और आसपास के पर्यावरण पर पड़ सकता है, बल्कि जलस्रोत की दीर्घकालीन सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
मनपा, एनआईटी और वन विभाग के बीच जिम्मेदारी का सवाल
इस पूरे मामले में महानगरपालिका, नागपुर सुधार प्रन्यास (एनआईटी) और वन विभाग के बीच जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालने का आरोप लगाया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि जब तालाब के आसपास प्रदूषण फैलाने पर प्रतिबंध है, तो फिर नालों का गंदा पानी सीधे तालाब में कैसे पहुंच रहा है? संबंधित विभागों को इसकी जानकारी होने के बावजूद ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? पूर्व नगरसेवक जगदीश ग्वालबंसी का कहना है कि वे वर्ष 2024 से लगातार इस मुद्दे को सभागृह में उठा रहे हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उनका कहना है कि शहर के महत्वपूर्ण जलस्रोत को प्रदूषण से बचाने के लिए संबंधित विभागों को तत्काल समन्वय बनाकर कार्रवाई करनी चाहिए।
आठ दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन और हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
नगरसेवक शैलेश पांडे ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि आगामी आठ दिनों के भीतर तालाब में गंदा पानी पहुंचाने वाले नालों का प्रवाह नहीं रोका गया, तो गोरेवाड़ा गेट पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने इस मामले में उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर करने की भी चेतावनी दी है। उनका कहना है कि गोरेवाड़ा तालाब जैसे महत्वपूर्ण जलस्रोत की अनदेखी नहीं की जा सकती। केवल बैठकों और आश्वासनों से समस्या का समाधान नहीं होगा। नालों के पानी को तालाब में पहुंचने से रोकने के लिए ठोस और समयबद्ध कदम उठाना जरूरी है। पर्यावरण विशेषज्ञों की चिंता है कि घरेलू और अन्य गंदे पानी में मौजूद रासायनिक तत्व तालाब के पारिस्थितिक संतुलन को बिगाड़ सकते हैं। ऐसे प्रदूषित पानी के कारण जल में घुलित ऑक्सीजन का स्तर कम हो सकता है, जिससे मछलियों और अन्य जलीय जीवों के अस्तित्व पर खतरा पैदा हो सकता है। तालाब के किनारे मृत मछलियां मिलना भी गंभीर चिंता का विषय है। हालांकि, मछलियों की मौत का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।















