पुणे में जमानत पर छूटे हत्या के आरोपी पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
लोकवाहिनी, संवाददाता
पुणे। पुणे में शिवाजीनगर अदालत परिसर के बाहर बुधवार दोपहर चार लोगों ने जमानत पर बाहर आए हत्या के एक आरोपी पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अपराह्न करीब एक बजकर 15 मिनट पर हुए हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की है। घायल की पहचान मंदार किवाले के रूप में हुई है। वह हत्या के एक मामले के सिलसिले में अदालत आया था। अदालत परिसर से बाहर निकलने के बाद उसे निशाना बनाया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले के बाद उसे ससून जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। एक चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि गोली किवाले के दाहिने हाथ और पीठ को छूकर निकल गई। उसके दोनों हाथों में भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने पहले बताया था कि हमले में छह लोग शामिल थे, लेकिन अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया कि हमलावरों की संख्या चार थी।
पुलिस ने बताया कि किवाले शुभम चव्हाण हत्याकांड में आरोपी है और उसे शनिवार को जमानत पर रिहा किया गया था। चव्हाण की 2025 में पुणे के कात्रज इलाके में जमीन विवाद को लेकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) गौहर हसन ने कहा, “शिवाजीनगर अदालत परिसर के बाहर अपराह्न करीब एक बजकर 15 मिनट पर चार हमलावरों ने धारदार हथियारों से किवाले पर हमला किया। हमलावर मौके से फरार हो गए और घायल को ससून अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। हसन ने कहा, घायल व्यक्ति 2025 में शुभम चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी है और उसे पिछले शनिवार को जमानत मिली थी।” (पेज 6 पर)
मुख्यमंत्री फडणवीस पुणे का पालकमंत्री पद संभालें : सुले
पुणे की यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पुणे का पालकमंत्री पद संभालें, ऐसी अपील सांसद सुप्रिया सुले ने की है। सुप्रिया सुले ने कहा कि पुणे शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। इसे बेहद सुरक्षित शहर के रूप में देखा जाता है। मैं मुख्यमंत्री से बार-बार कहती आई हूं कि जब मुझे गृह समिति में काम करने का अवसर मिला था, तभी से अपराध के मामले में महाराष्ट्र देश में पहले और पुणे चौथे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि यह बेहद महत्वपूर्ण विषय है। यह न तो देश के हित में है और न ही राज्य के हित में। आज जो घटना हुई है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। एक जनप्रतिनिधि के तौर पर मैं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अपील करती हूं कि वे पुणे का पालकमंत्री पद संभालें और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाएं। सुले ने कहा, मुझे पुलिस पर पूरा भरोसा और गर्व है, लेकिन पुणे आने के बाद उन्हें क्या हो जाता है, यह समझ में नहीं आता।
अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं : विपक्ष
इस घटना को लेकर विपक्षी कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि पुणे में अपराध की घटनाएं सारी हदें पार कर चुकी हैं और अब अपराधी अदालत के बाहर भी हमले कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस हमले से साफ है कि अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं रह गया है। उन्होंने हाल की उन घटनाओं का भी जिक्र किया, जिनमें आरोपी अस्पतालों से फरार हो गए और आपराधिक गतिविधियों का महिमामंडन करने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। वडेट्टीवार ने कहा, गृह मंत्री के भाषणों और आंकड़ों में कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुत अच्छी दिखाई जाती है, लेकिन आज की घटना ने जमीनी हकीकत सामने ला दी है। उन्होंने सवाल किया कि इस घटना की जिम्मेदारी कौन लेगा। साथ ही, उन्होंने पुलिस की भूमिका की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। राकांपा (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने कहा कि ऐसा लगता है कि अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं है। उन्होंने फडणवीस से सक्रियता दिखाते हुए यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि अपराधियों में कानून का भय हो। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

















