महाराष्ट्र कैबिनेट के 14 बड़े फैसले : सिंचाई परियोजना को 5548 करोड़ मंजूर
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। सूखे के बीच, महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने बुधवार को 33 जिलों के गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) के 42.30 लाख किसानों को अगले तीन महीनों के लिए मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मंजूरी दी, जो प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना के अंतर्गत शामिल नहीं हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 14 महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। नंदुरबार की नर्मदा-तापी रिवर्स लिंक परियोजना के लिए 5 हजार 548 करोड़ रुपये का प्रावधान तथा आर्थिक धोखाधड़ी करने वाली संस्थाओं की संपत्तियां जब्त करने के लिए स्वतंत्र न्यायाधिकरण की स्थापना सहित कई जनहितकारी फैसलों को मंजूरी दी गई। इसके अलावा विद्यार्थियों, शिक्षकों, कामगारों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण सुधारों को भी मंत्रिमंडल ने हरी झंडी दिखाई।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे के तथा डीबीटी योजना में शामिल नहीं किए गए 33 जिलों के 42 लाख 30 हजार 783 किसानों को अगले तीन महीने तक प्रति व्यक्ति पांच किलो मुफ्त अनाज मिलेगा। इसमें तीन किलो चावल और दो किलो गेहूं दिया जाएगा। नंदुरबार जिले की नर्मदा-तापी रिवर्स लिंक परियोजना के लिए 5 हजार 548 करोड़ रुपये के प्रावधान को मंजूरी दी गई है। इसके तहत छह रिवर्स लिंक बांधों की योजना बनाई गई है। इस परियोजना से क्षेत्र के करीब 26 हजार 526 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई का लाभ मिलेगा। साथ ही 11.50 मेगावाट बिजली का उत्पादन भी होगा।
















