नया सत्र नहीं, मानसून सत्र का ही विस्तार : परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पेश किए जाने की संभावना
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को बताया कि मोदी सरकार ने अगले सप्ताह 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया है। सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए क्रमशः सोमवार (30 नवंबर) से लोकसभा और बुधवार (2 दिसंबर) से राज्यसभा की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। सरकारी कामकाज की जरूरतों के अनुसार दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर को समाप्त की जा सकती है। माना जा रहा है कि सरकार इस सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को फिर से संसद में पेश कर सकती है। परिसीमन से संबंधित विधेयक भी लाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार के पास दोनों सदनों में बहुमत का आंकड़ा है।
इससे पहले संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। हालांकि, 100 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अभी तक इस सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं किया गया है। इसलिए आगामी बैठकों को किसी नए सत्र की शुरुआत के बजाय मानसून सत्र का ही विस्तार माना जाएगा।
सत्र को लेकर कांग्रेस की बैठक आज
इस बीच, आगामी संसद सत्र की रणनीति पर चर्चा के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार शाम को अहम बैठक बुलाई है। 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद सत्र की रणनीति तैयार करने के लिए कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक शाम 4:30 बजे दिल्ली में होगी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को बताया कि सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा से क्रमशः 30 नवंबर और 2 दिसंबर को सदन की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है, ताकि आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाया जा सके। रिजिजू ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा, सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष से सोमवार (30 नवंबर) को निचले सदन की बैठक बुलाने और राज्यसभा के सभापति से बुधवार (2 दिसंबर) को ऊपरी सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। उन्होंने आगे बताया कि सरकारी कामकाज की जरूरतों को देखते हुए दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है।
केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक आज
संसद के विशेष सत्र की कार्यवाही अगले सप्ताह शुरू होगी। 30 नवंबर से संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू होकर 3 दिसंबर को समाप्त होगी। विशेष सत्र को देखते हुए केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक शुक्रवार को दोपहर 1 बजे बुलाई गई है। माना जा रहा है कि कैबिनेट परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक में प्रस्तावित बदलावों को मंजूरी दे सकती है।















