फाइव स्टार में दो प्रीमियम सुइट बुक कराने की मांग
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। साइबर ठग अब लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए राजनीतिक हस्तियों के नाम और पहचान का भी दुरुपयोग करने लगे हैं। नागपुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का निजी सचिव अलंकार सवाई बताकर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल को फोन किया। आरोपी ने नागपुर के वर्धा रोड स्थित रेडिसन ब्लू होटल में दो प्रीमियम सुइट बुक कराने की मांग की। हालांकि, फोन करने वाले की आवाज और बातचीत पर संदेह होने से कथित ठगी की कोशिश नाकाम हो गई।
इस मामले में फरियादी एड. अमित झोटिंग के अनुसार, 8 नवंबर से 17 नवंबर के बीच आरोपी ने एक मोबाइल नंबर से अतुल लोंढे पाटिल से संपर्क किया। फोन करने वाले ने अपनी पहचान राहुल गांधी के निजी सचिव अलंकार सवाई के रूप में बताई। उसने कहा कि वह वर्धा रोड स्थित रेडिसन ब्लू होटल में एक कार्यक्रम के सिलसिले में आया है और इसके लिए उसे दो प्रीमियम सुइट बुक कराने हैं। फोन करने वाले की आवाज और बातचीत संदिग्ध लगने पर अतुल लोंढे पाटिल ने संबंधित मोबाइल नंबर का व्हाट्सऐप प्रोफाइल चेक किया। प्रोफाइल पर राहुल गांधी और उनके निजी सचिव की तस्वीर लगाई गई थी। साथ ही उस पर अलंकार सवाई, पीए राहुल गांधी लिखा हुआ था। इस तरह आरोपी ने फर्जी पहचान के जरिए भरोसा जीतने की कोशिश की। नंदनवन पुलिस ने दर्ज किया मामला पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानते हुए शिकायतकर्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।















