परिसीमन से जुड़े नये महिला आरक्षण विधेयक पर केंद्रीय मंत्रिमंडल का फैसला
25 साल संख्या नहीं बदलेगी, 30 नवंबर को लोस, 2 दिसंबर को रास में पेश होगा बिल
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को परिसीमन से जुड़े नये महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दे दी, जिसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है। संभावना है कि विधेयक को अगले सप्ताह से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कुछ संशोधनों के साथ इस नए विधेयक को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि इन संशोधनों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिसीमन के बाद लोकसभा में अन्य राज्यों की तुलना में किसी भी राज्य की हिस्सेदारी कम न हो। उन्होंने बताया कि दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए सरकार ने हर राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने पर सहमति जताई है।
वर्ष 2051 तक सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। नए विधेयक में बढ़ाई गई सीटों के परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना का उपयोग करने का प्रयास किया गया है। सूत्रों ने बताया कि सरकार ने प्रत्येक राज्य के लिए सीटों के प्रतिशत में बदलाव किए बिना संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन करने का प्रस्ताव दिया है। प्रस्तावित संशोधन के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की योजना है। सत्तापक्ष का कहना है कि इस कदम से 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में बुलाई गई थी। सरकार ने इससे पहले अप्रैल में संसद के विशेष सत्र के दौरान यह विधेयक पेश किया था, लेकिन इसे लोकसभा की मंजूरी नहीं मिल सकी थी। अब सरकार ने दावा किया है कि उसके पास इस विधेयक को पारित कराने के लिए पर्याप्त संख्या में सांसदों का समर्थन है। संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जरूरी है। (पेज 6 पर )
वाईएसआरसीपी के बाद डीएमके भी समर्थन देने तैयार
वाईएसआरसीपी के डिलिमिटेशन बिल पर समर्थन देने की घोषणा के बाद डीएमके ने भी सहमति जताई है, लेकिन इसके लिए दो प्रमुख शर्तें रखी हैं। रिपोर्ट के अनुसार, जब हाल ही में भाजपा ने इस मुद्दे पर डीएमके से संपर्क किया, तो पार्टी नेतृत्व ने मांग की कि संसद में तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व का मौजूदा प्रतिशत बरकरार रखा जाए और अगले 25 वर्षों तक सीटों की संख्या में कोई बढ़ोतरी न की जाए। डीएमके के एक वरिष्ठ नेता से पूछा गया कि क्या पार्टी सभी राज्यों में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का समर्थन करेगी, तो उन्होंने कहा कि हां, लेकिन इसके लिए विधेयक में 25 साल की फ्रीज और सभी राज्यों के मौजूदा प्रतिनिधित्व प्रतिशत को बनाए रखने का प्रावधान होना चाहिए। अगर हमने पहले इस विधेयक का विरोध न किया होते, तो शायद हमें यह प्रस्ताव नहीं मिलता। यदि भाजपा इन दोनों मांगों को मान लेती है, तो हमें कुछ खोना नहीं पड़ेगा, बल्कि भविष्य में फायदा ही होगा।
बीआरएस का सशर्त समर्थन
तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने के संकेत दिए हैं। पार्टी नेता राकुला श्रीधर ने कहा कि यदि केंद्र सरकार राज्यों के हितों और दक्षिण भारत की राजनीतिक हिस्सेदारी की रक्षा करती है, तो उनकी पार्टी परिसीमन का समर्थन करेगी। उन्होंने लोकसभा में दक्षिणी राज्यों की मौजूदा 24 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रखने पर जोर दिया। श्रीधर ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को परिसीमन के नाम पर राजनीतिक नुकसान नहीं होना चाहिए। उन्होंने केंद्र से सभी राज्यों के हितों को ध्यान में रखकर फैसला लेने की अपील की।














