मुंबई/नई दिल्ली। शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने परिसीमन बिल का समर्थन किया है। शरद पवार गुट के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने इस संबंध में जानकारी दी है। पार्टी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात के बाद जितेंद्र आव्हाड ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी प्रस्तावित परिसीमन बिल का समर्थन करेगी। संसद के विशेष सत्र से पहले इस कानून को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच जारी चर्चा और अलग-अलग राय के बीच उनका यह बयान सामने आया है।
शरद पवार की एनसीपी (एसपी) पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि यदि प्रत्येक राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाती है, तो वह परिसीमन बिल का समर्थन करने के लिए तैयार है। पार्टी का कहना है कि प्रतिनिधित्व का निर्धारण केवल आबादी के आधार पर नहीं होना चाहिए। सुप्रिया सुले ने तर्क दिया था कि सभी राज्यों में समान बढ़ोतरी होने से आबादी में वृद्धि के अंतर के कारण किसी राज्य को नुकसान नहीं होगा। हालांकि, उनके इस रुख से इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों, खासकर कांग्रेस के साथ तालमेल को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
दरअसल, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक में संशोधनों को मंजूरी दे दी है। इसमें लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के प्रस्तावित विधेयक का उद्देश्य लोकसभा की मौजूदा 543 निर्वाचित सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करना है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि लोकसभा सीटों की संख्या 850 किए जाने से भाजपा को चुनावी लाभ मिल सकता है, क्योंकि उत्तर भारत में उसकी स्थिति मजबूत है। हालांकि, भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह इस कानून के समर्थन में अलग-अलग विचारधारा वाले दलों से संपर्क कर रही है। दरअसल, संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। पहले लोकसभा की बैठक होगी और इसके बाद 2 दिसंबर से राज्यसभा की बैठक होगी। इस विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक समेत महत्वपूर्ण कानूनी मुद्दों पर चर्चा और कार्यवाही होने की संभावना है।
शरद पवार गुट ने जारी किया व्हिप
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के लोकसभा सांसद और मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) अमोल कोल्हे ने तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। इसमें कहा गया है, चूंकि सोमवार, 30 नवंबर से शुक्रवार, 4 दिसंबर 2026 तक लोकसभा में अत्यंत महत्वपूर्ण कामकाज होना है, इसलिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के लोकसभा के सभी सदस्यों से अनुरोध है कि वे सोमवार, 30 नवंबर से शुक्रवार, 4 दिसंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से लोकसभा में उपस्थित रहें और पार्टी के रुख का समर्थन करें। इसे अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाए।
















