वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ती तनावपूर्ण स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि यदि उन्हें दोनों देशों के बीच संघर्ष को हल करने की आवश्यकता पड़ी, तो यह उनके लिए ‘‘आसान’’ काम होगा।
ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ आयोजित भोज के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि पाकिस्तान ने हमला किया या अफगानिस्तान के साथ संघर्ष जारी है। अगर मुझे इसे सुलझाना है, तो यह मेरे लिए आसान है।’’ उन्होंने दावा किया कि इस प्रयास में उन्हें सफलता मिलेगी और लाखों लोगों की जान बचाई जा सकेगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मुझे लोगों को मारे जाने से रोकना अच्छा लगता है। मैंने पहले भी लाखों-करोड़ों लोगों की जान बचाई है और मुझे लगता है कि इस युद्ध को रोकने में भी सफलता मिलेगी।’’
इससे पहले पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर नए हवाई हमले किए, जिससे दोहा में होने वाली संभावित वार्ता पर संकट पैदा हो गया। समाचार पत्र ‘डॉन’ के अनुसार, इन हमलों से पहले आतंकवादियों ने उत्तरी वजीरिस्तान में एक सैन्य प्रतिष्ठान पर बंदूक और बम से हमला किया था।
ट्रंप ने अपने ‘‘आठ युद्ध’’ सुलझाने के दावे का भी जिक्र किया और कहा कि उन्हें अब तक नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिला। उन्होंने कहा, ‘‘आप जानते हैं कि हमने आठ अन्य समस्याओं का समाधान किया है। हर बार जब मैं एक का समाधान कराता हूं, तो लोग कहते हैं कि अगर आप अगले का भी समाधान कर लेते हैं तो आपको नोबेल पुरस्कार मिलेगा।’’ उन्होंने हालांकि स्पष्ट किया कि उन्होंने यह पुरस्कार पाने के लिए नहीं किया।
राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मुझे बस लोगों की जान बचाने की चिंता है। यह मेरा प्राथमिक उद्देश्य है। पुरस्कार या प्रशंसा मेरे लिए महत्व नहीं रखती।’’











