दो टूक | रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दी चेतावनी
लद्दाख। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान देश के लिए प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि भारत के पास पाकिस्तान के हर दुस्साहस का जवाब उससे कहीं अधिक कठोर तरीके से देने की क्षमता है, जितना वह सोच भी नहीं सकता। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत इनोवेशन के रास्ते खोज रहा है तो पाकिस्तान घुसपैठ के रास्ते खोज रहा है। भारत शिप डिजाइन कर रहा है तो पाकिस्तान टेरर डिजाइन में लगा हुआ है। भारत स्टार्टअप इकोसिस्टम खड़ा कर रहा है तो पाकिस्तान टेरर इकोसिस्टम खड़ा कर रहा है।
भारत सेमीकंडक्टर बना रहा है तो पाकिस्तान सुसाइड बॉम्बर्स तैयार कर रहा है। साफ है कि हमारे रास्ते अलग-अलग हैं। ऐसे में पाकिस्तान अपने घटिया मंसूबे लेकर हमारी समृद्धि के रास्ते में रोड़े खड़े करता है तो उसे करारा जवाब देने के लिए हमारी सेनाएं तैयार बैठी हैं। इससे पहले रक्षा मंत्री ने लद्दाख के द्रास स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल में शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने यह भी कहा कि कारगिल युद्ध न केवल देश के लिए एक सैन्य और कूटनीतिक विजय थी, बल्कि वह क्षण भी था जब दुनिया ने भारतीय सैनिकों की अदम्य वीरता देखी। इस दौरान उन्होंने द्रास स्थित कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे वीर सैनिकों ने हमेशा असाधारण शौर्य और साहस का प्रदर्शन किया है। हमने हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की पहली वर्षगांठ मनाई। इस ऑपरेशन के दौरान हमारे वीर सैनिकों और अधिकारियों ने आतंकवादियों और उनके संरक्षकों को मुंहतोड़ जवाब दिया- ऐसा जवाब जिसे वे कभी नहीं भूलेंगे।
पाक से सिर्फ पीओके पर बात
भारत की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है। पाकिस्तान से कोई बातचीत नहीं होगी। अगर बातचीत होगी भी, तो सिर्फ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) पर होगी, जो भारत का अभिन्न हिस्सा है और जिस पर पाकिस्तान ने अवैध कब्जा कर रखा है।










