छात्रों ने प्रधानमंत्री को दिखा दिया कि वोट ‘चुराए’ जा सकते हैं, लोग नहीं : उद्धव ठाकरे
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन करने के लिए छात्रों की सराहना करते हुए रविवार को कहा कि यह प्रदर्शन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ एक बड़ी लड़ाई की शुरुआत है और इस प्रदर्शन ने साबित कर दिया है कि वोट चुराए जा सकते हैं, लेकिन लोग नहीं। मुंबई के शिवाजी पार्क में ‘तिरंगा’ रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, देशभक्तों ने अंधभक्तों को हरा दिया है। इस रैली में युवाओं की भारी भीड़ जमा हुई, जिनमें ज्यादातर कॉलेज के छात्र थे। वे राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहे थे और संविधान के पोस्टर लिए हुए थे तथा धर्मेंद्र प्रधान के केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफे का जश्न मना रहे थे। सुबह से हो रही हल्की बारिश के बीच रेनकोट पहने और छाते लिए युवा संविधान निर्माता बी.आर. आम्बेडकर के पोस्टर तथा सोशल मीडिया के उन मीम्स के पोस्टर लिए हुए थे जो ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के देशव्यापी विरोध-प्रदर्शनों के दौरान वायरल हुए थे। दिल्ली में 22 जुलाई को छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के बाद से महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन देखे गए, जिनमें मुंबई का शिवाजी पार्क लोगों के जमा होने का मुख्य केंद्र रहा।
जेन जेड सरकार को चुनौती दे सकती है : राज ठाकरे
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने कहा कि छात्रों के विरोध प्रदर्शन की सफलता ने साबित कर दिया है कि आज की जेन जेड सरकार को चुनौती दे सकती है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुंबई पुलिस का आभार जताया और कहा कि पूरे देश ने महाराष्ट्र पुलिस और दिल्ली पुलिस के बीच का अंतर देख लिया है। शिवाजी पार्क में आयोजित सभा में शामिल कुछ लोगों ने कहा कि वे प्रदर्शनकारियों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा, यह लोकतंत्र की जीत है।










