ब्लैक सी में फिर बढ़ा तनाव, एक हफ्ते में दूसरी घटना
लोकवाहिनी, संवाददाता
ओडेसा। ईरान और अमेरिका युद्ध के बाद अब यूक्रेन और रूस में तनाव बढ़ता जा रहा है। यूक्रेन के ओडेसा पोर्ट पर चार भारतीय नागरिकों को ले जा रहे एक कमर्शियल जहाज पर हमला हुआ। कीव में भारतीय दूतावास के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, दो क्रू मेंबर सुरक्षित हैं, जबकि बाकी दो के बारे में अभी जानकारी का इंतजार है। दूतावास के बयान के मुताबिक, ये घटना शनिवार को हुई जब एमवी एएन रगनार पर ओडेसा पोर्ट पर हमला हुआ। ओडेसा पोर्ट यूक्रेन के अहम ब्लैक सी पोर्ट्स में से एक है, जिस पर 2022 में रूस-यूक्रेन संघर्ष शुरू होने के बाद से कई बार हमले हुए हैं। भारतीय मिशन ने एक बयान में कहा है कि वो स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है। ये घटना ओडेसा पोर्ट पर रूसी हमले में चार भारतीय नाविकों की मौत के कुछ दिनों बाद हुई है। इस हमले के बाद, भारत ने रूस के सबसे वरिष्ठ राजनयिक को तलब किया था और कड़ा विरोध दर्ज कराया था। ये हमला ऐसे समय में हुआ है जब भारत ने ब्लैक सी में जहाजों पर काम करने वाले नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है, इन इलाकों में चलने वाले या यहां से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों को सुरक्षा से जुड़े बड़े खतरों का सामना करना पड़ रहा है, जिनमें मिसाइल और ड्रोन हमले भी शामिल हैं।










