समस्तीपुर: बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी पहली बड़ी रैली के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को समस्तीपुर की धरती से विपक्ष पर हमला बोलते हुए दावा किया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) इस बार राज्य में सारे चुनावी रिकॉर्ड ध्वस्त कर देगा।
मोदी ने मंच से भीड़ को मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाने का आह्वान करते हुए राजद पर तंज कसा कि जब हर हाथ में आधुनिक रोशनी है, तब लालटेन की कोई जरूरत नहीं बची। प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाला बिहार अवसरों का बिहार होगा, निवेश का हब बनेगा और हर जिले में स्थानीय युवाओं के स्टार्टअप फलेंगे फूलेंगे।
विपक्ष पर भ्रष्टाचार और जंगलराज की वापसी के आरोप
प्रधानमंत्री ने ‘इंडिया’ गठबंधन को निशाने पर लेते हुए कहा कि इसका नेतृत्व जमानत पर छूटे लोग कर रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि जिनके शासनकाल में बिहार फिरौती, रंगदारी और अपहरण की राजधानी बन गया था, वे अब बदलाव की बात करते हैं। मोदी का इशारा साफ तौर पर राजद और तेजस्वी यादव की ओर था।
उन्होंने कहा कि जंगलराज की सबसे बड़ी मार बिहार की माताओं बहनों ने झेली थी। माओवादी हिंसा ने सैकड़ों लोगों को निगल लिया था। ‘‘2014 में मैंने नक्सलवाद खत्म करने की प्रतिज्ञा ली थी। गर्व से कह रहा हूं कि हमने इसकी रीढ़ तोड़ दी है। बहुत जल्द देश इस समस्या से मुक्त होगा। यह मोदी की गारंटी है।’’
नीतीश सरकार को मोदी का विश्वास: ‘तीन गुना बढ़ा केंद्र का सहयोग’
प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार को सुशासन का मानक बताते हुए कहा कि 2005 में उन्होंने जब बिहार का कार्यभार संभाला, तो दिल्ली में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार उन्हें लगातार रोकती रही, क्योंकि राजद ब्लैकमेल कर केंद्र पर दबाव बनाता था।
मोदी बोले कि पिछले 11 वर्षों में बिहार को पूर्ववर्ती सरकार की तुलना में तीन गुना ज्यादा केंद्रीय मदद मिली है। ‘‘आज बिहार मछली निर्यात करता है। मखाने की मांग देश दुनिया में बढ़ी है। हम ‘मखाना बोर्ड’ बनाकर किसानों की आय और बढ़ा रहे हैं।’’
विकास और सामाजिक न्याय का संतुलन: ओबीसी आयोग पर बड़ा बयान
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग सरकार ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया जबकि जो लोग संविधान हाथ में लेकर घूमते हैं, वही जनता को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने आगामी 14 नवंबर से महिलाओं के लिए बड़े निर्णयों और सशक्तिकरण योजनाओं की घोषणा करने की बात भी कही।
मोदी ने मैथिली में अभिवादन करते हुए बताया कि सीतामढ़ी के पुन्नौरधाम में माता सीता का भव्य मंदिर निर्माणाधीन है और संविधान का मैथिली संस्करण भी तैयार कराया गया है।
तेजस्वी पर तंज: ‘जननायक की विरासत चुराने की कोशिश’
मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस के नेता घोटालों में लिप्त हैं और अब भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर जैसी महान शख्सियत की उपाधि चुराने की कोशिश कर रहे हैं। ‘‘बिहार आर्यभट्ट की भूमि है। यह फिर कभी कानून को रौंदने वाली ताकतों पर भरोसा नहीं करेगा।’’
हर कार्यकर्ता तक बूथ पर पहुंचने की अपील
मोदी ने कार्यकर्ताओं को सन्देश देते हुए कहा कि महागठबंधन के नेता खुद एक-दूसरे से लड़ रहे हैं। राजग को सिर्फ बूथ मैनेजमेंट मजबूत रखना होगा। ‘‘पहले मतदान, फिर जलपान। हर वोट पड़ना चाहिए। हर वोट राजग की ताकत है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि
रैली से पहले प्रधानमंत्री ने बिहार के महान समाजवादी नेता और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को उनके गांव में जाकर श्रद्धांजलि दी और परिजनों से भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर भी मौजूद रहे।











