नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में एक सप्ताह के भीतर मृत्यु भोज में कथित दूषित भोजन के सेवन से पांच लोगों की मौत हो गई। घटना ओरछा विकासखंड के डूंगा गांव के घोट पारा में हुई। अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) टी.आर. कुंवर ने बताया कि 14 अक्टूबर को गांव में आयोजित मृत्यु भोज के दौरान कई ग्रामीणों ने भोजन किया। इसके बाद लगातार उल्टी और दस्त की शिकायतें बढ़ीं, और 14 से 20 अक्टूबर के बीच कुल पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो माह की बच्ची बेबी, बुधरी (25), बुधराम (24), लख्खे (45) और उर्मिला (25) शामिल हैं।
कुंवर ने बताया कि जिलाधिकारी प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देश पर नारायणपुर और बीजापुर के स्वास्थ्य अधिकारियों तथा ओरछा के खंड चिकित्सा अधिकारी ने गांव का दौरा किया और प्रभावित लोगों का इलाज किया। 21 अक्टूबर को स्वास्थ्य दल ने गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया, जिसमें 25 ग्रामीणों की जांच की गई। जांच में दो लोग मलेरिया, 20 लोग उल्टी-दस्त और तीन अन्य लोग अन्य बीमारियों से पीड़ित पाए गए। 60 वर्षीय कुमली बाई को भैरमगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को गर्म भोजन करने, पानी उबालकर पीने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य दल गांव में रुककर लगातार लोगों का इलाज कर रहा है और संक्रमण फैलने से रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि संदिग्ध भोजन के सेवन के मामले सामने आते हैं, तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया जाए।











