कीव: यूक्रेन में बीती रात रूस द्वारा किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों में कम से कम तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए। हमला कीव और द्निप्रोपेट्रोव्स्क क्षेत्रों में हुआ।
कीव के नगर सैन्य प्रशासन प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने बताया कि राजधानी में शनिवार तड़के बैलिस्टिक मिसाइल हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई और दस अन्य घायल हो गए। यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा ने बताया कि तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आपातकालीन सेवा ने ‘टेलीग्राम’ पर लिखा कि मिसाइल हमले की वजह से एक गैर-आवासीय इमारत में आग लगी, जबकि दूसरे स्थान पर मलबा खुले क्षेत्र में गिरा, जिससे आसपास की इमारतों की खिड़कियों को भी नुकसान हुआ।
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने टेलीग्राम पर लिखा, “राजधानी में विस्फोट हुआ। शहर बैलिस्टिक हमले की चपेट में है।”
द्निप्रोपेट्रोव्स्क क्षेत्र के कार्यवाहक गवर्नर व्लादिस्लाव हैवानेंको ने बताया कि वहां के रूसी हमलों में दो लोग मारे गए और सात अन्य घायल हुए।
रूस-यूक्रेन संघर्ष के इस नवीनतम दौर में नागरिक क्षेत्रों में हमलों का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों पर गंभीर दबाव बढ़ गया है।








