नयी दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने पंजाब पुलिस के उप महानिरीक्षक (DIG) हरचरण सिंह भुल्लर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के एक नए मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।
इस कार्रवाई ने पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
रिश्वत लेते पकड़ा गया DIG
CBI ने 16 अक्टूबर को भुल्लर को एक कबाड़ व्यापारी से 8 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।
यह रिश्वत कथित तौर पर “सेवा पानी” के नाम पर ली जा रही थी।
गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी ने तुरंत उनके ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद चौंकाने वाली बरामदगियां सामने आईं।
तलाशी में करोड़ों का खजाना मिला
CBI अधिकारियों के अनुसार, छापों के दौरान 7.5 करोड़ रुपये नकद मिले, जो घरों और लॉकरों में छिपाकर रखे गए थे।
इसके अलावा CBI ने 2.5 किलोग्राम सोने के जेवरात भी बरामद किए, जिनकी कीमत बाजार में करोड़ों में बताई जा रही है।
लग्जरी लाइफस्टाइल का खुला राज
शोक-स्टाइल वाली लाइफ जीने वाले इस DIG के पास से Rolex और Rado जैसी 26 महंगी घड़ियां भी मिलीं।
साथ ही भुल्लर और उनके परिवार के नाम पर 50 से अधिक संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुए, जिनमें संदिग्ध बेनामी जमीनें भी शामिल हैं।
हथियार और लॉकरों की लंबी लिस्ट
जांच में अधिकारियों को 4 लाइसेंसी हथियार और 100 कारतूस भी मिले, जो उनके रसूख का संकेत देते हैं।
CBI ने कई बैंक लॉकरों की चाबियां भी कब्जे में ली हैं और उनकी जांच जारी है।
कई लॉकरों में अभी और संपत्तियों के छिपे होने की आशंका जताई जा रही है।
आय से कई गुना ज्यादा संपत्ति — CBI
एजेंसी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मिली संपत्तियां भुल्लर की वैध आय की तुलना में कई गुना अधिक हैं।
इसी आधार पर CBI ने एक और FIR दर्ज की है, जो उनके कानूनी संकट को और गहरा कर सकती है।
अभी और खुलासे संभव
जांच अधिकारी मान रहे हैं कि यह तो बस शुरुआत है।
आने वाले दिनों में और भी गुप्त निवेश और संपत्तियों के खुलासे हो सकते हैं।











