किसान आंदोलन का दूसरा दिन, पुणे से बेंगलुरु जाने वाले सार्वजनिक परिवहन में जाम की स्थिति
कोल्हापुर। चीनी और इथेनॉल को गारंटी मूल्य मिले, जल्दी गन्ना कटवाने वाले किसानों को पांच सौ रुपये की सब्सिडी मिले, समेत अन्य मांगों को लेकर महाराष्ट्र और कर्नाटक राज्य के किसानों का अनिश्चितकालीन राष्ट्रीय राजमार्ग बंद आंदोलन शुरू है। इस आंदोलन का बुधवार को दूसरा दिन था। सरकार ने किसान संगठन के प्रतिनिधियों के साथ अभी तक कोई चर्चा नहीं की है। इसलिए अब चीनी मिलों से चीनी की ढुलाई रोकी जाएगी। वहीं किसी भी किसान को चीनी मिलों में अपना गन्ना नहीं भेजना चाहिए, ऐसा आह्वान स्वाभिमानी किसान संगठन के नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने किया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पिछले 24 घंटे से बंद है। इसलिए पुणे से बेंगलुरु जाने वाले सार्वजनिक परिवहन में जाम की स्थिति पैदा हो गई है। इसके चलते वैकल्पिक मार्ग पर दोनों तरफ माल ढोने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। केंद्र सरकार चीनी के गारंटी मूल्य में बढ़ोतरी करे, यह प्रमुख मांग लेकर किसान संगठनों के प्रतिनिधियों की राजधानी दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रल्हाद जोशी के साथ चर्चा हुई थी। हालांकि यह चर्चा बेनतीजा रही। इसके बाद मंगलवार से कर्नाटक के किसान रयत संगठन और महाराष्ट्र के स्वाभिमानी किसान संगठन की ओर से अनिश्चितकालीन राष्ट्रीय राजमार्ग रोको आंदोलन शुरू किया गया है। इस आंदोलन के दूसरे दिन कर्नाटक के हत्तरगी टोल नाका, और कोगनौली टोल नाका के इलाके में किसानों ने सड़क पर डेरा डाल दिया है।
किसानों ने मंगलवार को राजू शेट्टी के साथ सड़क पर ही रात बिताई। आसपास के गांवों के लोगों ने आंदोलन में शामिल किसानों के लिए भोजन की व्यवस्था की। आज सुबह से फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस आंदोलन की शुरुआत की गई है। सरकार द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने के कारण आज मिलों से बाहर निकलने वाली चीनी को रोकने की चेतावनी राजू शेट्टी ने दी है। पुणे से बेंगलुरु जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 48 पिछले 22 घंटों से बंद है। इसलिए पुलिस ने इस राजमार्ग के यातायात को वैकल्पिक मार्ग से मोड़ दिया है। कोल्हापुर से आगे बेलगावी जाने वाले वाहनों को कागल के पास लक्ष्मी टेकड़ी के नजदीक मोड़ दिया गया है। माल ढोने वाले ट्रकों के सड़क किनारे खड़े होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। इसलिए पुणे से कोल्हापुर और आगे बेलगावी जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना चाहिए, ऐसा आह्वान कोल्हापुर परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक रंजनकुमार शर्मा ने किया है। वहीं 24 घंटे बीत जाने के बाद भी अगर सरकार किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं देगी तो हम यहीं बैठकर रहेंगे, ऐसी चेतावनी आंदोलन में शामिल किसानों ने दी।














