महाराष्ट्र विधानसभा 10 मिनट के लिए स्थगित
लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। महाराष्ट्र विधानसभा में मंगलवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच उस समय तीखी बहस हो गई जब भाजपा विधायकों ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी तुकाराम मुंडे पर आरोप लगाए और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस बहस के बाद सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। सदन में यह मुद्दा उठाते हुए भाजपा विधायक कृष्णा खोपड़े ने आरोप लगाया कि 2020 में मुंडे ने बिना आवश्यक अनुमति के 20 करोड़ रुपये के चेक जारी किए थे।
खोपड़े ने कहा, मुंडे के दो समर्थकों ने मुझे धमकी दी और उनके खिलाफ बोलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। मैंने सीताबर्डी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस आयुक्त के साथ-साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कार्यालय को भी सूचित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी का 20 साल की सेवा में 24 बार तबादला किया गया। उन्होंने अफसर के आचरण की विस्तृत जांच करने की मांग की। मुंडे वर्तमान में दिव्यांग कल्याण विभाग में आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं। खोपड़े के दावे का समर्थन करते हुए भाजपा विधायक प्रतीक दटके ने कहा, मुंडे ने एक महिला कर्मचारी की छुट्टी रद्द कर दी थी, जबकि उसने पांच दिन पहले ही बच्चे को जन्म दिया था।











