मुंबई। महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने नगर निगम चुनाव की घोषणा कर दी। नागपुर मनपा और बीएमसी समेत राज्य की 29 नगर निगमों के लिए 15 जनवरी को मतदान होंगे, जबकि नतीजे 16 जनवरी को सामने आएँगे। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार 23 दिसंबर से 30 दिसंबर, 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। चुनाव आयोग 31 दिसंबर, 2025 तक आवेदनों की जाँच करेगा। वहीं, 2 जनवरी तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।
चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस करते हुए कहा है कि नगर निगम चुनाव के लिए चुनाव चिन्ह डिस्ट्रीब्यूशन और अंतिम उम्मीदवारी की सूची 3 जनवरी, 2026 को जारी की जाएगी। चुनाव आयोग ने कहा कि मुंबई नगर निगम चुनाव में मतदाताओं को केवल एक ही वोट डालना होगा। इसके साथ ही, मुंबई में कुल 10,111 मतदान केंद्र होंगे। मुंबई में 11 लाख दोहरे मतदाता पाए गए हैं। इन मतदाताओं से पूछा जाएगा कि वे किस मतदान केंद्र पर वोट डालेंगे। साथ ही, इन दोहरे मतदाताओं के नाम के आगे दो स्टार का निशान लगाया जाएगा।
मुंबई, नागपुर, चंद्रपुर, ठाणे, नवी मुंबई, उल्हासनगर, कल्याण-डोंबिवली, भिवंडी-निजामपुर, मीरा-भयंदर, वसई-विरार, पनवेल, नासिक, अहिल्यानगर, जलगाँव, धुले, मालेगाँव, पुणे, पिंपरी-चिंचवड, सोलापुर, कोल्हापुर, इचलकरंजी, सांगली-मिराज-कुपवाड़, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़-वाघाला, परभणी, जालना, लातूर, अमरावती और अकोला में नगर निगम चुनाव होंगे।
राजनीतिक दलों की मांग के अनुसार, नामांकन पत्र ऑफलाइन जमा किए जाएँगे। जातिगत वैधता के सत्यापन के लिए, आरक्षित सीटों पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को जाति प्रमाण पत्र और वैधता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसकी एक प्रति या अन्य प्रमाण प्रस्तुत करना अनिवार्य है।











