लोकवाहिनी संवाददाता :बुटीबोरी। नागपुर जिले के बुटीबोरी एमआईडीसी क्षेत्र फेज 2 स्थित अवारा सोलर प्लांट में सुबह एक भीषण हादसा हुआ। यहां अवारा कंपनी के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट स्थल पर बना पानी का टैंक अचानक ढह गया, जिसमें 6 मजदूरों की मौत हो गई और 8 अन्य घायल हो गए। यह घटना नागपुर–चंद्रपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अतिरिक्त बुटीबोरी एमआईडीसी इलाके में घटी।
बुटीबोरी एमआईडीसी फेज 2 स्थित अवारा सोलर प्लांट में हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंची। बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया। मृत मजदूरों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की जांच जारी है। इस हादसे से औद्योगिक क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और मजदूरों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन घटना के कारणों की जांच कर रहा है और दोषियों के पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नागपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हर्ष पोदार के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय हुई जब पानी के टैंक का परीक्षण चल रहा था। परीक्षण के दौरान टैंक में रामा डैम परियोजना से लाया गया पानी भरा जा रहा था। तभी अचानक टैंक की संरचना कमजोर पड़ी और वह धराशायी हो गया। इस हादसे में कई मजदूर दब गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह करीब 11.30 से 12.00 बजे कंपनी में नवनिर्मित मेटलिक वाटर टैंक की टेस्टिंग (हाइड्रो टेस्टिंग) चल रही थी। हादसे के बाद सभी पानी के टैंकों को खाली कर दिया गया है।










