बिना सूचना वाहन उठाने पर नागरिकों में नाराजगी
निजी टोईंग व्यवस्था हटाने की उठी मांग
नागपुर शहर में टोईंग कार्रवाई के नाम पर हो रही कथित मनमानी और नागरिकों के उत्पीड़न के विरोध में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने मंगलवार को जोरदार आंदोलन किया। पार्टी की ओर से सिविल लाइन्स स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर भव्य मोर्चा निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।
इस आंदोलन का नेतृत्व शहराध्यक्ष अनिल अहीरकर और जिलाध्यक्ष राजाभाऊ टाकसाले ने किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शहर में टोईंग के नाम पर वाहन चालकों को बिना पूर्व सूचना के परेशान किया जा रहा है। कई मामलों में वाहनों को अचानक उठाकर ले जाया जाता है और लोगों से जबरन जुर्माना वसूला जाता है। आंदोलनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि टोईंग कर्मियों द्वारा नागरिकों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है।
मोर्चे के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद से मुलाकात कर उन्हें विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि टोईंग सेवा को निजी ठेकेदारों के बजाय सीधे शासन के नियंत्रण में दिया जाए, ताकि नागरिकों के साथ हो रही कथित ज्यादती पर रोक लगाई जा सके।
जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित विभाग से रिपोर्ट तलब करने और उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस आंदोलन के बाद शहर में टोईंग व्यवस्था को लेकर बहस और तेज हो गई है।











