भाग्यनगर रोड पर लाठी-डंडों से हंगामा, दहशत का माहौल
नांदेड शहर में दिन-ब-दिन बढ़ती आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ताजा मामला शहर के भाग्यनगर रोड का है, जहां दो गुटों के बीच खुलेआम लाठी-डंडों से हिंसक झड़प देखने को मिली। इस घटना से कुछ समय के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आम नागरिकों में भय व्याप्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भाग्यनगर रोड पर दो टोळक्यांनी आपस में पहले तीखी बहस की और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों गुटों के युवक हाथों में लाठियां और काठियां लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। बताया जा रहा है कि इस झगड़े में शामिल अधिकांश युवक महाविद्यालयीन छात्र प्रतीत हो रहे थे।
मारपीट के दौरान दोनों गुटों ने भरसड़क एक-दूसरे पर पत्थरबाजी भी की। कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और आसपास के दुकानदारों ने डर के कारण अपनी दुकानें बंद कर लीं। घटना का वीडियो किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक लाठियों से एक-दूसरे पर हमला करते और सड़क पर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं।
इस घटना ने नांदेड शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों का कहना है कि शहर में आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और पुलिस की गश्त बढ़ाने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस द्वारा वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके और शहर में शांति का माहौल कायम रह सके।









