नौ साल की मेहनत की भाजपा में नहीं हुई कद्र -सुनिता महल्ले
कांग्रेस को अधिक से अधिक सीटें जिताने में जुटेंगी सुनीता महल्ले
नागपुर की वरिष्ठ महिला नेता सुनिता महल्ले ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में नौ वर्षों तक लगातार काम करने और जनसेवा करने के बावजूद उनके प्रयासों और मेहनत की कद्र नहीं की गई।
सुनिता महल्ले ने कहा, “मेरा सन्मान जरूरी नहीं, लेकिन ऐसी कई महिलाएं हैं जिनका भाजपा में सम्मान कभी नहीं हुआ। मैं अब कांग्रेस में आकर जनसेवा जारी रखूंगी और पार्टी को अधिक से अधिक सीटें जिताने का प्रयास करूंगी।”
उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोग हमेशा उनके साथ रहे और मोहल्लों की मांग पर ही उन्होंने कांग्रेस में प्रवेश किया। उनका कहना है कि भाजपा में मेहनत की कद्र न होने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद सुनिता महल्ले ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल जनता की सेवा करना और संगठन को मजबूत बनाना है। उन्होंने यह भी कहा कि अपने कार्यकाल में जैसे भाजपा में जनसेवा करती रही, वैसे ही अब कांग्रेस में भी सेवा जारी रखेंगी।
सुनिता महल्ले का यह कदम नगर राजनीति में हलचल पैदा कर रहा है और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह बढ़ा है। उनके कांग्रेस में प्रवेश से आगामी स्थानीय चुनाव में पार्टी को मजबूती मिलने की संभावना है।








