नए साल की शुरुआत भले ही हो चुकी हो, लेकिन नागपुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और सेवा के लिए पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रही है। इसी कड़ी में बीती रात नागपुर के गिट्टीखदान पुलिस स्टेशन क्षेत्र में पुलिस द्वारा हर गली और प्रमुख मार्गों पर रूट मार्च निकाला गया। इस रूट मार्च का उद्देश्य आगामी चुनावों की पृष्ठभूमि में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, नए वर्ष के स्वागत के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकना और नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाना था।
गिट्टीखदान पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल ने पैदल मार्च करते हुए अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। रूट मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने नागरिकों से संवाद भी किया और उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
इस संबंध में जानकारी देते हुए गिट्टीखदान के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कैलाश देशमाने ने बताया कि नए साल और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह रूट मार्च आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाए रखना है। पुलिस लगातार सतर्क है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
रूट मार्च से क्षेत्र के नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और पुलिस की इस पहल की सराहना की जा रही है।








