दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला
छत्रपति संभाजीनगर जिले के समृद्धि महामार्ग पर गुरुवार तड़के एक भीषण हादसा हुआ। माळीवाडा टोल नाके से करीब 15–16 किलोमीटर की दूरी पर मुंबई की ओर जा रही साईराम ट्रैवल्स की भारत बेंज़ यात्री बस में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस ने आगे चल रहे एक ट्रक को टक्कर मार दी, जिसके बाद कुछ ही पलों में बस ने आग पकड़ ली।
बस में कुल 32 लोग सवार थे, जिनमें 29 यात्री, 2 चालक और 1 कंडक्टर शामिल थे। टक्कर के बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि इस हादसे में अमोल शेलकर नामक यात्री की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया। घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी अशोक खांडेकर के मार्गदर्शन में पदमपुरा और कांचनवाड़ी अग्निशमन केंद्र की टीमें मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। उप अग्निशमन केंद्र अधिकारी विनायक कदम, ड्यूटी अधिकारी और दमकल जवानों ने बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस घटना में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग और हादसे के कारण समृद्धि महामार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। फिलहाल मामले की आगे की जांच माळीवाडा पुलिस द्वारा की जा रही है।








