यवतमाल में योजना को लेकर महिलाओं का उग्र प्रदर्शन
यवतमाल जिले में मुख्यमंत्री लाडकी बहिण योजना को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा है। योजना की कई लाभार्थी महिलाओं को पिछले कुछ समय से किस्त नहीं मिलने के कारण उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने विभाग में पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों से तीखी बहस की और अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की।
महिलाओं का कहना है कि केवाईसी प्रक्रिया पूरी न होने के कारण उनका लाभ रोका गया है, जबकि उन्होंने समय पर सभी आवश्यक दस्तावेज जमा किए थे। कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि विभाग की तकनीकी खामियों और प्रशासनिक लापरवाही की वजह से उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे महिलाओं में भारी असंतोष देखने को मिला।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने मांग की कि उनकी ई-केवाईसी प्रक्रिया तत्काल पूरी की जाए और रुकी हुई किस्तें जल्द से जल्द उनके खातों में जमा की जाएं। महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो वे आंदोलन को और उग्र करेंगी। कुछ महिलाओं ने यहां तक कहा कि या तो सभी की केवाईसी पूरी कर लाभ दिया जाए, अन्यथा पूरी योजना का लाभ बंद कर दिया जाए।
स्थिति को देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने शासन स्तर पर हस्तक्षेप की मांग की है। विभाग की ओर से ई-केवाईसी लिंक को पुनः शुरू करने के लिए सीधे राज्य सरकार को पत्र भेजा गया है। अब इस पर शासन क्या निर्णय लेता है, इस पर हजारों महिलाओं का भविष्य निर्भर करता है।









