लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। मनपा में महापौर और उपमहापौर पद के चुनाव के लिए नगर परिषद प्रशासन विभाग ने चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इसके तहत 6 फरवरी को सुबह 11 बजे नागपुर महानगरपालिका की विशेष सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें महापौर और उपमहापौर पद का चुनाव होगा।
इस विशेष सभा की अध्यक्षता पीठासीन अधिकारी विपिन इटनकर करेंगे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया नियमों के तहत, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी। आदेश के अनुसार, पीठासीन अधिकारी को चुनाव से जुड़ी समस्त कार्यवाही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरी करनी होगी और उसका आधिकारिक विवरण प्रशासन को सौंपना अनिवार्य होगा।
सदन में संख्याबल को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने 102 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की है, जिससे महापौर पद पर भाजपा का दावा मजबूत माना जा रहा है। हालांकि, महापौर चुनाव से पहले भाजपा को अपना गुट नेता और गुट का पंजीकरण विभागीय आयुक्त कार्यालय में कराना आवश्यक है। वहीं, अजीत पवार के निधन के बाद राजनीतिक गतिविधियों में कुछ ठहराव आने से पंजीकरण प्रक्रिया में देरी की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार सोमवार तक भाजपा द्वारा गुट पंजीकरण पूरा किए जाने की जानकारी सामने आ रही है।
चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही भाजपा खेमे में महापौर पद को लेकर हलचल तेज हो गई है। पार्टी के भीतर दावेदारों के नामों को लेकर चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं और सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिरकार भाजपा किस चेहरे को नागपुर का नया महापौर बनाएगी।












