लोकवाहिनी, संवाददाता गुवाहाटी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम के धुबरी में कांग्रेस पर अब तक का सबसे बड़ा और तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के शासनकाल में असम की डेमोग्राफी यानी जनसंख्या का ढांचा पूरी तरह बदल गया था। शाह ने एक रैली में चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों की तादाद शून्य से बढ़कर 64 लाख तक पहुंच गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार इस प्रवृत्ति को पलटने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
धुबरी जिले के कलीगाम चापोरी में टकम मिसिंग पोरिन केबांग (ऑल मिसिंग स्टूडेंट्स यूनियन) द्वारा आयोजित 10वें मिसिंग यूथ फेस्टिवल के समापन समारोह को संबोधित करते हुए शाह ने आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे राज्य को घुसपैठ की समस्या से पूरी तरह मुक्त किया जा सकेगा।
गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार असम में बदले हुए डेमोग्राफिक ट्रेंड को पलटने के लिए कई स्तरों पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में लगातार दो भाजपा सरकारों के कार्यकाल में घुसपैठियों द्वारा किए गए अतिक्रमण से 1.26 लाख एकड़ भूमि मुक्त कराई गई है। शाह ने कहा, “अगर असम में घुसपैठ को रोकना है तो भाजपा को तीसरे कार्यकाल के लिए चुनना होगा और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के हाथ मजबूत करने होंगे।”












