सांगली जिले के चिकुर्डे जिला परिषद क्षेत्र के देवर्डे गांव में आज मतदान के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मराठी स्कूल में स्थित मतदान केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में तकनीकी खराबी आ गई। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के लिए सुबह मतदान प्रक्रिया शुरू होने से पहले मॉक पोल (ट्रायल) की प्रक्रिया चल रही थी, उसी दौरान EVM अचानक बंद हो गई।
प्रशासनिक नियमों के अनुसार मतदान शुरू होने से पहले उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मॉक पोल किया जाता है, ताकि मशीन की कार्यक्षमता की जांच की जा सके। लेकिन देवर्डे स्थित मतदान केंद्र पर यह प्रक्रिया चल रही थी, तभी मशीन में तकनीकी बिघाड़ सामने आया और EVM पूरी तरह से बंद हो गई। इससे तय समय पर मतदान शुरू नहीं हो सका और करीब आधे घंटे तक मतदान प्रक्रिया ठप रही।
मशीन खराब होने की जानकारी मिलते ही मतदान केंद्र पर मौजूद चुनाव निर्णय अधिकारी ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया। चुनाव विभाग ने तत्परता दिखाते हुए रिजर्व में रखी गई नई EVM मतदान केंद्र पर उपलब्ध कराई। इसके बाद दोबारा मॉक पोल कराया गया और सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर मतदान प्रक्रिया को फिर से शुरू किया गया।
तकनीकी खराबी के कारण सुबह मतदान करने पहुंचे नागरिकों को कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि प्रशासन द्वारा समय रहते मशीन बदले जाने से मतदाताओं ने राहत की सांस ली। इसके बाद मतदाता फिर से उत्साह के साथ कतारों में खड़े होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए। फिलहाल देवर्डे क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से जारी है।









