विपक्ष का हंगामा, सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित
वायरल वीडियो से बिहार की राजनीति में नया विवाद
विधानसभा में दहाड़ी मैथिलि ठाकुर
बिहार के बजट सत्र के दौरान विधानसभा में उस समय तीखी बहस छिड़ गई जब भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने अपने पहले भाषण में राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव की तुलना महाभारत के धृतराष्ट्र से और उनके पुत्र तेजस्वी यादव की तुलना दुर्योधन से कर दी।इस टिप्पणी के बाद सदन का माहौल अचानक गरमा गया।
राजद और विपक्षी दलों के विधायकों ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए बयान को आपत्तिजनक और असंसदीय बताया। देखते ही देखते सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। हंगामे के चलते विधानसभा की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी।विपक्ष का कहना है कि इस तरह की व्यक्तिगत और पौराणिक संदर्भों वाली तुलना से राजनीतिक संवाद का स्तर गिरता है। वहीं सत्ता पक्ष के कुछ सदस्यों ने इसे राजनीतिक प्रतिक्रिया बताते हुए कहा कि सदन में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के तहत अपनी बात रखी गई है।इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विवाद आने वाले दिनों में और तूल पकड़ सकता है, खासकर तब जब बिहार की राजनीति पहले से ही गर्माई हुई है।बजट सत्र के दौरान हुए इस विवाद ने राज्य की राजनीति में नया तनाव पैदा कर दिया है। अब देखना होगा कि विधानसभा अध्यक्ष इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और क्या संबंधित टिप्पणी को रिकॉर्ड से हटाया जाता है या नहीं।






