लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भारत मंडपम में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर विरोध जताया। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील (Trade Deal) का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ ‘PM is Compromised’ के नारे लगाए। प्रदर्शन के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें 10-15 की संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ हाथ में सफेद रंग की टी-शर्ट लिए हुए है।
टी-शर्ट पर पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फोटो लगी है। उस पर लिखा है- PM is Compromised। दिल्ली पुलिस ने 4 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान इंडियन यूथ कांग्रेस के सेक्रेटरी कृष्णा हरि, बिहार स्टेट सेक्रेटरी कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश स्टेट वाइस प्रेसिडेंट अजय कुमार और नेशनल कोऑर्डिनेटर नरसिम्हा यादव के रूप में हुई है।
वहीं भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने साजिश के तहत इंटरनेशनल समिट में भारत की छवि धूमिल की है। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा— यह संयोग नहीं, बल्कि एक प्रयोग था। इसकी प्लानिंग राहुल गांधी के आवास पर बनाई गई थी, जहां सोनिया और प्रियंका मौजूद थीं।
वहीं दिल्ली पुलिस में एडिशनल कांस्टेबल देवेश कुमार महिला ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे घटी। प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया और क्यूआर कोड स्कैन करके समिट हॉल में एंट्री की। उन्होंने ऊपर स्वेटर और जैकेट पहनी हुई थी और अंदर टी-शर्ट। हॉल नंबर 5 के पास उन्होंने अपने स्वेटर और जैकेट उतार दिए और टी-शर्ट लहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया।









