देवेंद्र फडणवीस ने अमित शाह के सामने रखी मांग, कार्यक्रम में सुनेत्रा पवार भावुक
लोकवाहिनी, संवाददाता
पुणे। अजित पवार के विमान हादसे की जांच रिपोर्ट जल्द सामने आनी चाहिए। रिपोर्ट जल्द जारी करने के लिए मैंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी अनुरोध किया है। अजितदादा के हादसे को लेकर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह बड़ा बयान राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह मांग रखी। पुणे जिला परिषद परिसर स्थित यशवंतराव चव्हाण भवन में दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अर्धप्रतिमा का अनावरण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, एकनाथ शिंदे सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान अजितदादा की यादें ताजा करते हुए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार सहित सभी नेता भावुक नजर आए।
सुनेत्रा पवार ने कहा कि जिस जिला परिषद के लिए अजितदादा ने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया, उसी जिला परिषद में आज उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है। यह उनके वास्तविक कर्तृत्व का प्रमाण है। छत्रपति चीनी मिल से लेकर जिला परिषद, सांसद, विधायक तक के सफर में अजितदादा की मिट्टी से जुड़ाव कभी नहीं बदला। जनसेवा, जनकल्याण और विकास के लिए काम करने वाला उनका नेतृत्व हमेशा याद किया जाना। अजितदादा की यादें साझा करते हुए सुनेत्रा पवार भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि अजितदादा और अमितभाई के बीच आत्मीय संबंध थे। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अजितदादा का नजरिया भी अलग था। प्रधानमंत्री मोदीजी अजितदादा को भी ‘दादा’ कहकर पुकारते थे।
अमित शाह का उद्धव ठाकरे पर तंज, दिवंगत अजित पवार की तारीफ
महाराष्ट्र के पुणे में पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दिवंगत नेता अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनकी जमकर प्रशंसा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में ‘महायुति’ गठबंधन में अजित पवार के शामिल होने से सत्तारूढ़ गठबंधन को स्थिरता मिली। उन्होंने अजित पवार को स्पृहदायी, साहसी और दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि राजनीतिक चर्चाओं में उनकी बातें साफ और सीधी होती थीं।
शाह ने कोविड-19 महामारी के दौर को याद करते हुए कहा कि उस समय जब तत्कालीन मुख्यमंत्री से संपर्क करना लगभग असंभव था, तब अजित पवार सचिवालय में फोन पर हमेशा उपलब्ध रहते थे और राहत कार्यों को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाते थे। उन्होंने बारामती के विकास में अजित पवार के गहन ज्ञान और योगदान के साथ-साथ सहकारी क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का भी उल्लेख किया। इसमें चीनी मिलें, डेयरी संघ और सहकारी बैंक शामिल हैं। अमित शाह ने कहा कि अजित पवार का आकस्मिक निधन महाराष्ट्र के लिए बहुत बड़ा और कभी न भरने वाला नुकसान है। वे केवल उनके करीबी मित्र नहीं थे, बल्कि साथियों भी थे। शाह ने कहा, “आज भी मुझे यकीन नहीं होता कि वे हमारे बीच नहीं रहे। उनका हमेशा मुस्कुराता हुआ चेहरा मेरी आंखों के सामने आ जाता है। राजनीतिक बातचीत में दादा का नजरिया हमेशा बहुत स्पष्ट होता था। उनका जवाब हमेशा साफ तौर पर ‘हां’ या ‘ना’ में होते था। वे पूरी तरह स्पष्ट सोच वाले इंसान थे। अगर कोई काम हो सकता था, तो वे ‘हां’ कहते थे और अगर नहीं हो सकता था, तो सीधे ‘ना’ कह देते थे। ऐसे साहसी लोग बहुत कम होते हैं।”















