लातुर। लातुर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की सत्ता एक बार फिर कांग्रेस के हाथों में आ गई है. कांग्रेस नेता दिलीपराव देशमुख और सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल के सहकार पैनल ने इस चुनाव में जीत हासिल की है. सहकार पैनल ने १९ में से १४ सीटों पर विजय प्राप्त की. इस पैनल को पूर्व मंत्री दिलीपराव देशमुख का मार्गदर्शन मिला.
सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल की पहल पर विधायक अमित देशमुख और पूर्व विधायक धीरज देशमुख ने पैनल का नेतृत्व किया. जिला बैंक चुनाव में जीत हासिल करने के बाद अमित देशमुख, धीरज देशमुख और सांसद शिवाजी कालगे ने सीटी बजाकर अनोखे अंदाज में अपनी खुशी जाहिर की. अमित देशमुख और धीरज देशमुख ने कार्यकर्ताओं के साथ जीत का जश्न मनाया. जिला बैंक चुनाव में सहकार पैनल की जीत के बाद विधायक अमित देशमुख, धीरज देशमुख और सांसद डॉ. शिवाजी कालगे ने चुनाव चिह्न सीटी बजाकर अपनी खुशी का इजहार किया. राज्य की नई सहकारिता नीति में सहकारी संस्थाओं के संचालक मंडल में कम से कम एक-तिहाई महिला सदस्यों और ४० वर्ष से कम उम्र के युवाओं की भागीदारी अनिवार्य करने का प्रस्ताव है. विधायक अमित देशमुख ने इस फैसले का स्वागत किया है.
अमित देशमुख ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ना निश्चित रूप से स्वागत योग्य कदम है. यदि सहकारिता क्षेत्र के विकास के लिए नए लोग इस क्षेत्र में आ रहे हैं, तो उनका स्वागत किया जाना चाहिए. सहकारिता मंत्री और समिति द्वारा लिया गया यह निर्णय सहकारिता क्षेत्र को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्षों से सहकारिता क्षेत्र में काम कर रहे वरिष्ठ लोग नए लोगों का मार्गदर्शन करेंगे, जिससे इस क्षेत्र का विस्तार होगा. सहकार पैनल के १४ विजयी उम्मीदवार में हेमंत जाधव – लातुर, प्रीति भोसले – उदगीर, आशीष पाटिल राजूरकर – जळकोट, संतोष पाटिल – चाकूर, धीरज देशमुख, जगन्नाथ पाटिल, जयेश माने, सजैराव मोरे, विवेक सिरसाठ, अविनाश जाधव, शेषराव हाके, चंद्रशेखर दंडिमे, शीतल पाटिल और गीतांजलि लांडगे शामिल हैं. वहीं परिवर्तन पैनल के ५ विजयी उम्मीदवारों में अरविंद पाटिल निलंगेकर, अतुल गंभीर, भगवानराव पाटिल तलगांवकर, ऋषिकेश कराड और शोभा पवार का समावेश है.
















