लोकवाहिनी संवाददाता:बुलढाणा। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं परीक्षा का परिणाम 8 मई को घोषित किया गया। इस परिणाम में बुलढाणा जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अमरावती विभाग में पहला स्थान हासिल किया है। जिले का कुल परिणाम 93.95 प्रतिशत दर्ज किया गया है। विशेष बात यह है कि इससे पहले 12वीं परीक्षा परिणाम में भी बुलढाणा जिला अमरावती विभाग में अव्वल रहा था। लगातार दोनों प्रमुख बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले ने अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत तरीके से साबित किया है।
दसवीं परीक्षा के लिए जिले से कुल 40 हजार 38 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 39 हजार 678 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 37 हजार 281 विद्यार्थी सफल रहे। परिणाम में छात्राओं ने एक बार फिर छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया। छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 92.34 रहा, जबकि छात्राओं का परिणाम 95.96 प्रतिशत दर्ज किया गया। इससे पहले 12वीं परीक्षा में भी छात्राओं ने शानदार सफलता हासिल की थी।
तालुकावार परिणाम में सिंदखेड राजा तालुका ने 97.67 प्रतिशत परिणाम के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं नांदुरा तालुका का परिणाम सबसे कम 89.36 प्रतिशत दर्ज किया गया। अमरावती विभाग के पांच जिलों में बुलढाणा जिले का 93.95 प्रतिशत परिणाम सबसे अधिक रहा। अन्य जिलों में अकोला का परिणाम 90.74 प्रतिशत, अमरावती का 90.06 प्रतिशत, यवतमाल का 88.38 प्रतिशत तथा वाशिम का 88.04 प्रतिशत दर्ज किया गया। इन आंकड़ों के आधार पर बुलढाणा जिले की सफलता को उल्लेखनीय माना जा रहा है।








