लोकवाहिनी, संवाददाता:अलवर। राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे गुरुवार को पर चलती कार में आग लगने से कम से कम पांच लोगों की जलकर मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार रात मौजपुर के पास उस समय घटी जब पीड़ित वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा से लौट रहे थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं और 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। मृतकों में तीन महिलाएं, एक नाबालिग लड़की और एक पुरुष शामिल थे। ये सभी मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के निवासी थे।
डीएसपी कैलाश जिंदल ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। चूंकि यह सीएनजी वाहन था, इसलिए आग तेजी से फैल गई, जिससे उसमें सवार लोगों को भागने का बहुत कम समय मिला। उन्होंने कहा, वाहन से केवल कंकाल के अवशेष बरामद हुए हैं, जिन्हें अलग से संरक्षित किया गया है। उनकी पहचान स्थापित करने के लिए डीएनए परीक्षण किए जाएंगे। कार चालक विनोद कुमार मेहर किसी तरह वाहन से कूदने में कामयाब रहा, लेकिन वह लगभग 80 प्रतिशत जल गया। अधिकारियों ने बताया कि उसे पहले पास के एक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया।








