आर्थिक मोर्चे पर भी लड़े जा रहे युद्ध
लोकवाहिनी, संवाददाता
भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि युद्ध अब केवल पारंपरिक तरीकों से नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्थाओं को निशाना बनाकर भी लड़े जा रहे हैं। उन्होंने भारत की बैंकिंग प्रणाली को साइबर आतंकवादियों से बचाने की जरूरत पर जोर दिया। यहां भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 169 करोड़ रुपये की लागत से बने डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि इन सुविधाओं से ओडिशा और देश के लोगों को काफी लाभ होगा। उन्होंने कहा, हमारे लिए विकास का मतलब भारत की संतुलित वृद्धि और गांवों तथा छोटे शहरों के लिए अवसर उपलब्ध कराना है। मोदी ने कहा कि भारत का बैंकिंग क्षेत्र अब दुनिया के सबसे दक्ष क्षेत्रों में शामिल है और लोगों को चौबीसों घंटे बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि छोटे उद्यमियों, पारंपरिक कारीगरों, रेहड़ी-पटरी वालों और असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों को पहली बार बैंकिंग सेवा का लाभ मिला है।














