उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की घोषणा
मुंबई। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बालासाहेब ठाकरे की 14वीं पुण्यतिथि के अवसर पर किसानों के लिए बड़ी घोषणा की। मुंबई के शिवाजी पार्क स्थित उनके स्मृतिस्थल (शक्तिस्थल) पर आकर्षक फूलों की सजावट और रोशनी की गई है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे यहां पहुंचकर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र में भीषण सूखे, किसानों की समस्याओं और सरकार की ओर से किए जा रहे उपायों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि संकट बहुत बड़ा है, लेकिन शिवसैनिक और सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
एकनाथ शिंदे ने कहा कि आज बालासाहेब की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। हर साल की तरह इस वर्ष भी बालासाहेब के कार्यकर्ता और शिवसैनिक यहां पूरी श्रद्धा के साथ उन्हें नमन कर रहे हैं। मैं एक बार फिर बालासाहेब को विनम्र अभिवादन करता हूँ। उनके विचारों और हिंदुत्व की विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। शिवसैनिक किसानों की मदद के लिए उनके खेतों तक पहुंच रहे हैं। वे किसानों की संवेदनाओं, दु:ख और भावनाओं को समझकर उन्हें जरूरी मदद दे रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि सरकार भी किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है, लेकिन सभी को आगे आकर उनकी मदद करने की जरूरत है। जहां कहीं भी मदद की कमी होगी, वहां शिवसेना किसानों के साथ खड़ी रहेगी। हम किसानों को किसी भी चीज की कमी नहीं होने देंगे और उन्हें बेसहारा नहीं छोड़ेंगे। संकट बहुत बड़ा है। इसलिए जहां संकट, वहां शिवसेना, यह बालासाहेब ठाकरे और आनंद दिघे की सीख है, जिसे शिवसैनिक आगे बढ़ा रहे हैं। मुझे भी इस बात का गर्व है। बालासाहेब की पुण्यतिथि पर मैं सभी कार्यकर्ताओं, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों से अपील करता हूँ कि जिन-जिन क्षेत्रों में किसान संकट और सूखे का सामना कर रहे हैं, वहां पहुंचकर उनकी मदद करें।
राजनीति नहीं, किसानों के साथ खड़े होने की जरूरत
एकनाथ शिंदे ने कहा कि हमने कहा था कि किसानों की दिवाली खराब नहीं होने देंगे और हमने अपना वादा निभाया। सरकार ने किसानों को पांच हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी। शिवसेना की ओर से भी दिवाली राशन किट वितरित की गई। आगे भी किसानों के लिए जो कुछ जरूरी होगा, वह शिवसेना करेगी। संकट में फंसे लोगों की मदद करना बालासाहेब की सोच थी और शिवसैनिक उसी जिम्मेदारी को निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पांच हजार रुपये की सहायता तत्काल अग्रिम मदद के रूप में दी गई है। राज्य में सूखा घोषित किया गया है। सुखाग्रस्त क्षेत्रों के लिए पीड़ित 12 तरह की रियायतें और सहायता भी किसानों को मिलेगी। विपक्ष इस मुद्दे को बेवजह तूल दे रहा है और राजनीति कर रहा है, जिसकी कोई आवश्यकता नहीं है। इस समय किसानों के साथ खड़े होने की जरूरत है। हम उन्हें बेसहारा नहीं छोड़ेंगे और हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
















