मेरी पार्टी और नेता जब तय करेंगे तब मैं दिल्ली जाऊंगा : मुख्यमंत्री फडणवीस
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। राज्य की राजनीति में पिछले कई महीनों से राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दिल्ली की राजनीति में जाने की बात कही जा रही है। कुछ दिनों पहले देवेंद्र फडणवीस दिल्ली दौरे पर गए थे, उसके बाद भी राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। उस समय भी फडणवीस ने मीडिया से बात करते हुए दिल्ली की राजनीति में जाने की चर्चाओं पर पूर्णविराम लगा दिया था। इसके बाद गुरुवार को देवेंद्र फडणवीस ने एक मीडिया कार्यक्रम में फिर एक बार दिल्ली की राजनीति में जाने को लेकर चल रही चर्चाओं का जवाब दिया है, मेरी पार्टी तय करेगी, मेरे नेता तय करेंगे, उस दिन मैं निश्चित रूप से दिल्ली जाऊंगा। लेकिन आज भी मेरी राय है कि 2029 तक मैं दिल्ली में नहीं हूं, ऐसी दृढ़ प्रतिक्रिया भी उन्होंने इस दौरान दी है।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि बहुत से लोगों को अलग-अलग तरीके से लगता है, उनमें मेरे कुछ हितचिंतक हैं, उन्हें लगता है कि अगर दिल्ली गया तो मेरा प्रमोशन होगा। कुछ लोगों को लगता है कि दिल्ली गया तो बला टल जाएगी, हमारे सिर पर नहीं रहेगा, ऐसा समझने वाले लोग भी हैं। किसी को अच्छा लगे या किसी को बुरा लगे, 2029 तक मेरे नेता मुझे महाराष्ट्र में ही रखेंगे, मैं आपको आज बताता हूं, मेरे नेता मुझे महाराष्ट्र में ही रखेंगे, मुझे राजनीति समझ में आती है, मेरी पार्टी समझ में आती है, इसलिए हर दो से तीन महीने में कभी किसी को न्यूज नहीं मिली तो वे मुझे दिल्ली भेजते हैं। कभी किसी को न्यूज क्रिएट करनी हो तो भी मुझे दिल्ली भेजते हैं, मुझे उसका आनंद ही है। हां, मेरा पक्ष तय करेगा, मेरे नेता तय करेंगे, उस दिन जरूर मैं दिल्ली जाऊंगा लेकिन आज भी मेरी राय है कि 2029 तक मैं दिल्ली नहीं जाऊंगा
8.8 प्रतिशत विकास दर अच्छी ही, लेकिन हमें 10 प्रतिशत का आंकड़ा पार करना है
महाराष्ट्र राज्य 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का सपना पूरा करने की बिल्कुल दहलीज पर है और, मौजूदा 8.8 प्रतिशत विकासदर अच्छा होने के बावजूद राज्य को 10 प्रतिशत से अधिक विकासदर का आंकड़ा पार करना है, ऐसा विश्वास महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्त किया है।










