बीड में कार और बस की भीषण टक्कर
लोकवाहिनी, संवाददाता
बीड। महाराष्ट्र के बीड जिले में रविवार सुबह सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा माजलगांव तालुका में शिंदेंवाड़ी फाटा के पास सुबह करीब 11 बजे हुआ। देवी तुल्जा भवानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को लेकर तुल्जापूर जा रही एक कार राज्य परिवहन की बस से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, माजलगांव का एक परिवार कार से तुल्जापूर जा रहा था।
इसी दौरान शिंदेंवाड़ी जंक्शन के पास एक कार और बस की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार चकनाचूर हो गई। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से राजमार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटनास्थल पर दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसी बीच, शिंदेंवाड़ी क्षेत्र के ग्रामीण इस दुर्घटना से नाराज होकर राजमार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिंदेंवाड़ी जंक्शन के पास सड़क पर बने जंप के कारण बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने इस स्थान पर सुरक्षा उपाय करने की भी मांग की।
माजलगांव दुर्घटना में मारे गए लोगों में ओंकार महादेव गिरी (24), गजानन महादेव नामदास (38), मैली गजानन नामदास (11), सोमनाथ बाडे (23) और अनिल आचार्य (40) का समावेश है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले एक साल में इस राजमार्ग पर दुर्घटनाओं में लगभग 50 से 70 लोगों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और जन प्रतिनिधियों को समय-समय पर शिकायतें देने के बावजूद इस संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं और निर्दोष नागरिकों की मौत के कारण ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण संबंधित प्रशासन से सड़क के ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।














