ऐक्टर सुरक्षित, लॉरेंस गैंग ने कहा – जो सलमान के साथ काम करेगा, उसका यही अंजाम होगा
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में जानलेवा हमला किया गया है। उन पर फायरिंग हुई है। जुहू में बाइक सवारों ने उन पर 5 राउंड फायरिंग की। मुंबई के जुहू में एक्टर पर गोलीबारी की गई, जिसमें कई लोगों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है। टाइगर पर जानलेवा हमले की खबर के बाद इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। ये घटना मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ अपनी कार से फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे। जब वह जुहू के पुष्पा पार्क इलाके के पास पहुंचे तो वहां उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ जमा थी। तभी एक बाइक पर सवार होकर तीन लोग वहां पहुंचे। हमलावरों ने बिना किसी कहासुनी के अचानक टाइगर की गाड़ी पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुए इस हमले में टाइगर के ड्राइवर और पास में मौजूद एक ऑटो-रिक्शा वाले को भी गोलियां लगी हैं। (पेज 6 पर)
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त को फोन कर अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस आयुक्त को तत्काल तेजी से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जांच के लिए 15 टीमें गठित डीसीपी मोहित गर्ग ने कहा, टाइगर श्रॉफ को कोई गोली नहीं लगी है। वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। मुंबई पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने शुरुआती जांच शुरू कर दी है। फिलहाल करीब 15 टीमें इस मामले पर काम कर रही हैं। जैसे-जैसे और जानकारी सामने आएगी, उसे साझा किया जाएगा।













