एजेंसी:क्राइस्टचर्च। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की शुरुआती ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी के बाद आखिरी ओवरों में नमन धीर की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर भारत ने पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के पहले मुकाबले में बृहस्पतिवार को यहां न्यूजीलैंड को चार विकेट से शिकस्त दी। पहले फिन एलेन और ग्लेन फिलिप्स की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने चार विकेट पर 225 रन बनाए। इसके साथ ही उसने भारत के खिलाफ अपने सर्वोच्च स्कोर की बराबरी की। यह घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड का अब तक का सर्वोच्च स्कोर भी रहा।
भारत ने 19.4 ओवर में छह विकेट पर 230 रन बनाकर इस प्रारूप में लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की। सैमसन ने 33 गेंदों में आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 67 रन बनाने के अलावा अभिषेक के साथ पहले विकेट के लिए 35 गेंदों में 93 रन की साझेदारी की। अभिषेक ने 12 गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 29 रन बनाए। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 28 गेंदों में 42 रन की पारी खेलकर मध्यक्रम को संभाला। उन्होंने अक्षर पटेल (14 गेंदों में 24 रन) के साथ 24 गेंदों में 45 रन की साझेदारी कर भारत की मैच में वापसी कराई। आखिरी ओवरों में नमन ने 15 गेंदों में नाबाद 42 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम प्रबंधन के भरोसे को सही साबित किया। उन्होंने अक्षर के साथ छठे विकेट के लिए 23 गेंदों में 43 रन जोड़े। न्यूजीलैंड की ओर से मिचेल ब्रेसवेल और कप्तान मिचेल सेंटनर ने दो-दो विकेट लिए। नियमित तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम दिए जाने के कारण भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में धार की कमी साफ दिखाई दी। एलेन ने 24 गेंदों में 45 रन बनाए, जबकि फिलिप्स ने 40 गेंदों में नाबाद 82 रन की तूफानी पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के आक्रामक तेवरों के सामने भारतीय गेंदबाज बेअसर नजर आए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक और सैमसन ने एक बार फिर भारत को तेज शुरुआत दिलाई। सैमसन ने पहले ओवर में मैट हेनरी के खिलाफ चौका लगाकर हाथ खोले, जबकि अभिषेक ने छक्के के साथ ओवर का समापन किया। लॉकी फर्ग्यूसन के खिलाफ सैमसन ने लगातार गेंदों पर चौका, छक्का और चौका लगाया। इससे भारत ने तीसरे ओवर में 22 रन बटोर लिए।
अभिषेक ने अगले ओवर में एडम मिलने के खिलाफ चौका लगाया। इसके बाद एक वाइड गेंद भी सीमा रेखा के पार चली गई और भारत ने 3.1 ओवर में ही बिना किसी नुकसान के 50 रन पूरे कर लिए। अभिषेक ने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए ओवर का समापन लगातार दो छक्कों के साथ किया। रनों की गति पर अंकुश लगाने के लिए गेंद ब्रेसवेल को सौंपी गई। इस स्पिनर ने सैमसन से छक्का और चौका खाने के बाद अभिषेक को चकमा देकर भारत को पहला झटका दिया। पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 94 रन था। सेंटनर और ब्रेसवेल की स्पिन जोड़ी कुछ हद तक भारत की रन गति पर अंकुश लगाने में सफल रही। इसका फायदा न्यूजीलैंड को सैमसन और फिर तिलक वर्मा (11 गेंदों में छह रन) तथा ईशान किशन (तीन गेंदों में एक रन) के विकेट हासिल करने के रूप में मिला। भारत ने सातवें से 11वें ओवर के बीच 34 रन के अंदर तीन विकेट गंवा दिए।
बढ़ती जरूरी रन गति के दबाव के बीच अक्षर ने सेंटनर के खिलाफ चौका और ब्रेसवेल के खिलाफ छक्का लगाया। दूसरे छोर से अब तक संयमित अंदाज में खेल रहे अय्यर ने 14वें ओवर में हेनरी के खिलाफ दो शानदार छक्के जड़कर दबाव कम किया। फर्ग्यूसन ने अगले ओवर में अक्षर को आउट कर किया। क्रीज पर आए नमन धीर ने सेंटनर के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर उनके गेंदबाजी आंकड़ों को बिगाड़ दिया। भारत को जब दो ओवर में 16 रन की जरूरत थी, तब अय्यर मिलने की गेंद पर सेंटनर को कैच दे बैठे। नमन ने आखिरी ओवर में हेनरी के खिलाफ चौका और छक्का लगाकर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।
इससे पहले शुरुआत में गेंद को स्विंग मिल रही थी लेकिन न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों ने इस चुनौती का बखूबी सामना किया और बाद में भारतीय गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किए। करीब चार साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी करने उतरे भुवनेश्वर कुमार ने अपने पहले ओवर में अच्छी गेंदबाजी की लेकिन अगले ओवर में टीम सीफर्ट (17 गेंदों में 24 रन) ने उन पर दो चौके और लॉन्ग-ऑन के ऊपर से एक गगनचुंबी छक्का जड़ दिया। इस ओवर में कुल 17 रन बने।













