तेल अवीव, एजेंसी:ईरान और अमेरिका के बीच एक बार फिर विवाद गहरा गया है। ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी तरह के संघर्ष विराम से इनकार किया है। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर कालीबाफ ने कहा कि मौजूदा समय में सीजफायर तभी संभव है, जब नाकाबंदी हटाई जाए। ईरान और अमेरिका के बीच 22 अप्रैल को सीजफायर खत्म हो गया था।
ट्रम्प ने इसके खत्म होने से पहले ही इसे एकतरफा तरीके से आगे बढ़ा दिया था। वहीं, ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ शांतिवार्ता के दूसरे दौर को लेकर शुक्रवार तक अच्छी खबर आ सकती है। न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प ने एक संदेश में यह बात कही। पाकिस्तानी अधिकारियों ने भी संकेत दिया है कि ईरान के साथ अगले 36 से 72 घंटों के भीतर नई बातचीत शुरू हो सकती है। हालांकि, ईरान का कहना है कि उसने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह अमेरिका के साथ नए दौर की वार्ता में शामिल होगा या नहीं। वहीं, राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने बुधवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरान बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन उसके विरोधी धमकियों और आक्रामक कदमों के जरिए बातचीत को कमजोर कर रहे हैं।










