वार्ता फिर शुरू करने के राजनयिक प्रयासों में बाधा
लोकवाहिनी, संवाददाता:दुबई। ईरान ने बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन जहाजों पर हमले किए। हमले से युद्ध समाप्त कराने के लिए अमेरिका और ईरान को पाकिस्तान में वार्ता के लिए एक साथ लाने के प्रयासों में बाधा उत्पन्न हुई है। इसमें होर्मुज स्ट्रेट में भारत आ रहे एक जहाज को भी कब्जे में ले लिया है। ईरान ने आरोप लगाया है कि जहाज बिना इजाजत होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहा था। लाइबेरिया के फ्लैग वाला एपाुमिनोडेस नाम का यह कंटेनर शिप गुजरात के मुंद्रा पोर्ट की ओर जा रहा था। ईरानी मीडिया ने कहा कि इन हमलों को ईरान के अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड ने अंजाम दिया।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिका ईरान के साथ युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाएगा। युद्धविराम बुधवार को समाप्त होने वाला था। ट्रंप ने यह भी कहा है कि अमेरिका ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रखेगा। इन हमलों ने जलडमरूमध्य में परिवहन के लिए खतरों को और उजागर कर दिया है, जिसके रास्ते युद्ध से पहले दुनिया का लगभग 20 प्रतिशत तेल और प्राकृतिक गैस गुजरती थी। इसका मतलब है कि भले ही युद्धविराम काफी हद तक कायम रहे और ईरान तथा अमेरिका बड़े हमले दोबारा शुरू न करें फिर भी यह युद्ध वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भारी दबाव बनाए रखेगा।
ईरान ने ट्रंप द्वारा किए गए युद्धविराम विस्तार को लेकर कोई औपचारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन एक ईरानी राजनयिक ने कहा कि जब तक नाकेबंदी नहीं हटाई जाती, तब तक बातचीत दोबारा शुरू नहीं होगी। ब्रिटेन की सेना के ‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर’ (यूकेएमटीओ) के अनुसार ईरान ने बुधवार सुबह जलडमरूमध्य में एक कंटेनर जहाज पर गोलीबारी की, और थोड़ी ही देर बाद एक दूसरे जहाज पर भी हमला किया। ईरानी सरकारी टेलीविजन के अनुसार ये जहाज अब रिवोल्यूशनरी गार्ड के कब्जे में हैं और उन्हें ईरान ले जाया जा रहा है। इन जहाजों की पहचान ‘एमएससी फ्रांसेस्का’ और ‘एपाुमिनोडेस’ के रूप में की गई है। जहाजों के मालिकों से इस मामले पर टिप्पणी के लिए फिलहाल संपर्क नहीं हो सका। इन घटनाओं को ईरान के नेतृत्व द्वारा एक बड़े रणनीतिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जो अमेरिकी वार्ताकारों के साथ अब और कड़े शर्तों पर सौदा करने की कोशिश कर रहा है।
ट्रंप ने समेकित शांति प्रस्ताव लंबित रहने तक ईरान के साथ युद्धविराम बढ़ाया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यस्थ देश पाकिस्तान के अनुरोध पर ईरान के साथ युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया है। ट्रंप ने कहा कि यह कदम तेहरान के आंतरिक मतभेदों से जूझ रहे नेतृत्व को सात सप्ताह से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए एक प्रस्ताव तैयार करने का समय देने के उद्देश्य से उठाया गया है।











