नागपुर के कोठी रोड क्षेत्र में देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। शिकायतकर्ता सौरभ की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में प्रज्वल काकड़े और रवि मोहतो को मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी और शिकायतकर्ता पहले से आपराधिक गतिविधियों में साथ रहे हैं तथा उनके खिलाफ कई मामलों में संयुक्त रूप से अपराध दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में पुराने विवाद और एक युवती को लेकर चल रहे तनाव को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में तीन वाहनों से कुल छह लोगों के घटनास्थल पर पहुंचने की पुष्टि हुई है। इनमें से दो आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य चार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है।
घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।











