बड़ा उलटफेर! वोटिंग से पहले महाविकास आघाडी को बड़ा झटका
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र विधान परिषद की 17 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में महायुति ने शुरुआती बढ़त बना ली है। 6 सीटों पर महायुति के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं, जबकि बाकी 11 सीटों पर 18 जून को मतदान होगा। दूसरी ओर, महाविकास आघाडी को चुनाव से पहले झटका लगा है क्योंकि उसके कई उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र वापस ले लिया। नामांकन वापस लेने के आखिरी दिन जबरदस्त राजनीतिक उठापटक और ड्रामा देखने को मिला। महायुति ने वोटिंग से पहले ही 6 सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल कर ली है। महायुति के इस सियासी दांव ने महाविकास आघाडी (एमवीए) के खेमे में खलबली मचा दी है।
गुरुवार को नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन था। सीट बंटवारे में कलह के कारण कई सीटों बगावत हुई। हालांकि, महायुति इन आंतरिक विद्रोहों को दबाने में सफल रही। वहीं विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाडी एमवीए को 6 सीटों पर बड़े झटके लगे हैं। महायुति ने 17 में से 6 सीटों पर वोटिंग से पहले सफलतापूर्वक निर्विरोध जीत हासिल कर ली हैं। महाविकास आघाडी में शामिल कांग्रेस को यवतमाल और सोलापुर में तगड़ा झटका लगा है।
यवतमाल निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार साहेबराव कोंबले ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। उन्होंने इसके पीछे जीत के लिए पर्याप्त समर्थन नहीं होने को कारण बताया। वहीं सोलापुर से कांग्रेस उम्मीदवार आदित्य फत्तेपुरकर का नामांकन खारिज हो चुका है, जिसके बाद विपक्षी गठबंधन वैकल्पिक उम्मीदवार को समर्थन देने पर विचार कर रहा है। अब 11 सीटों पर 18 जून को मतदान होगा।
गौरतलब है कि विधान परिषद चुनाव में सीधे जनता अपने प्रतिनिधियों को नहीं चुनती है। अप्रत्यक्ष रूप से विधान परिषद के सदस्यों का चुनाव होता है, जिसका मतलब है कि इसमें आम नागरिकों के बजाय, जनता की तरफ से चुने गए जनप्रतिनिधि और कुछ खास वर्ग के लोग Single Transferable Vote के जरिए विधान परिषद के सदस्यों को चुनते हैं।












