तीन लाख की एमडी पाउडर बरामद
नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई सफल
नागपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लकड़गंज पुलिस और नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीए रोड स्थित क्वालिटी वाइन शॉप के पास एमडी ड्रग्स की खरीद-फरोख्त होने वाली है। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन किया गया और इलाके में सघन निगरानी रखते हुए जाल बिछाया गया।
कार्रवाई के दौरान असद असपात शेख नामक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में वहां पहुंचा। पुलिस और नारकोटिक्स टीम ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से लगभग 30 ग्राम एमडी पाउडर बरामद किया गया। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। बरामदगी के बाद आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे यह मादक पदार्थ गोली उर्फ गोल्या शेख नामक व्यक्ति से प्राप्त हुआ था। पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर संबंधित व्यक्ति को मामले में वांछित आरोपी के रूप में शामिल कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी बड़े ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह पहले किसी अन्य मादक पदार्थ तस्करी या आपराधिक गतिविधि में शामिल रहा है या नहीं। लकड़गंज पुलिस और नारकोटिक्स टास्क फोर्स मामले की हर पहलू से जांच कर रही है तथा पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के प्रयास जारी हैं।











