पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना की दूसरी किस्त जारी
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महायुति सरकार ने राज्य के किसानों को आर्थिक संकट से उबरने के लिए पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना घोषित की है। इस योजना की दूसरी किस्त मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में वितरित की गई। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में कर्जमाफी की दूसरी किस्त की राशि का वितरण किया गया। दूसरे चरण में 5086 करोड़ रुपये हस्तांतरित करते हुए 6 लाख से अधिक किसानों को कर्जमुक्ति का लाभ दिया गया है। महायुति सरकार ने पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना घोषित करने के बाद पहले चरण में 7 अगस्त को 5029 करोड़ वितरित करते हुए 6 लाख 22 हजार 207 किसानों की कर्जमाफी की थी। आज दूसरे चरण में 6 लाख 36 हजार 36 पात्र किसानों को 5086 करोड़ की कर्जमुक्ति का लाभ दिया गया है। राज्य सरकार की ओर से कर्जमाफी योजना के लिए चरणबद्ध तरीके से राशि वितरित की जा रही है।
इस कर्जमाफी में लगभग 32 लाख से अधिक किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। वहीं, 23 लाख से अधिक किसानों को प्रोत्साहन अनुदान दिया जाएगा। पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना का लाभ 56 लाख किसानों को मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार की ओर से अब तक दो चरणों में 10,115 करोड़ रुपये की कर्जमुक्ति का लाभ 12 लाख 58 हजार 243 किसानों को दिया गया है। कर्जमाफी में पात्र किसानों को लाभ वितरण की प्रक्रिया शुरू है और लाभार्थियों की संख्या लगातार अद्यतन हो रही है, ऐसी जानकारी दी गई है। योजना की पूरी प्रक्रिया बेहद पारदर्शी है और मुख्यमंत्री महाराष्ट्र राज्य के माध्यम से नियंत्रित की जा रही है, ऐसी जानकारी भी दी गई है। महायुति सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के किसानों की कर्जमाफी करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद राज्य के किसान संगठनों की ओर से विभिन्न स्थानों पर कर्जमाफी के लिए आंदोलन किए जाने के बाद 30 जून तक कर्जमाफी करेंगे, ऐसा सरकार की ओर से कहा गया था। इसके अनुसार राज्य सरकार ने कर्जमाफी का निर्णय लिया। शुरुआत में 2019 की कर्जमाफी योजना का लाभ लेने वाले किसानों के बकाया कर्ज के संबंध में सरकार की ओर से सीमा निर्धारित की गई थी। हालांकि, सरकार ने उस निर्णय में भी बदलाव करते हुए उनका भी 2 लाख तक का कर्ज माफ करने का निर्णय लिया। इससे सरकार को पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना के लिए अब 40980 करोड़ रुपये का खर्च अपेक्षित है।













