गड़गड़ाहट से गूंजा आसमान, भारतीय वायु सेना ने दिखाई अपनी ताकत
लोकवाहिनी, संवाददाता:मुंबई। भारतीय वायुसेना ने गुरुवार को एक नया इतिहास रचते हुए अपने अत्याधुनिक सुखोई-30एमकेआई लड़ाकू विमान को पहली बार नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतारा। विमान के रनवे पर उतरते ही आसमान उसकी गूंज से भर उठा और इसने भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता व देश की बढ़ती एयरोस्पेस ताकत का प्रदर्शन किया। दक्षिण-पश्चिमी वायु कमान के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सी-पीआरओ) ने कहा कि यह भारतीय वायुसेना और देश के विमानन क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। यह पहली बार है जब किसी लड़ाकू विमान ने इस नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे को छुआ है।
रायगढ़ जिले के उल्वे में स्थित नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 अक्टूबर 2025 को किया था। यहां 25 दिसंबर 2025 से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू हुआ। यह मुंबई महानगर क्षेत्र का दूसरा प्रमुख हवाई अड्डा है, जो छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के साथ क्षेत्र की हवाई सेवाओं को संभाल रहा है। गुरुवार को हुई सुखोई-30एमकेआई की लैंडिंग एयरपोर्ट के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है।












